जम्मू-कश्मीर में चूना पत्थर खनिज ब्लॉकों की पहली नीलामी आज से औपचारिक रूप से शुरू हो रही है। यह ऐतिहासिक कार्यक्रम दोपहर में जम्मू के कन्वेंशन सेंटर में आयोजित होगा। केंद्रीय कोयला एवं खान मंत्री जी. किशन रेड्डी इस आयोजन का नेतृत्व करेंगे, जबकि मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला और उपमुख्यमंत्री सुरिंदर चौधरी भी उपस्थित रहेंगे। यह आयोजन केंद्र और प्रदेश सरकार के बीच मजबूत सहयोग तथा क्षेत्र के लिए इस पहल के रणनीतिक महत्व को रेखांकित करता है।
आकाशवाणी के संवाददाता के अनुसार, नीलामी के लिए अनंतनाग, राजौरी और पुंछ जिलों में लगभग 314 हेक्टेयर में फैले कुल सात चूना पत्थर ब्लॉकों को चिह्नित किया गया है।
यह कदम खान एवं खनिज (विकास एवं विनियमन) अधिनियम, 2015 के तहत शुरू किए गए सुधारों को आगे बढ़ाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर है। सुधारों के बाद केंद्र शासित प्रदेश में यह पहली खनन ब्लॉक नीलामी है, जो खनन क्षेत्र में पारदर्शिता, प्रतिस्पर्धा और सतत विकास को प्रोत्साहित करती है।
यूएनएफसी के जी-3 और जी-4 अन्वेषण चरणों में वर्गीकृत ये भंडार उच्च-गुणवत्ता वाले चूना पत्थर से समृद्ध हैं, जो सीमेंट उत्पादन, निर्माण कार्य और कई औद्योगिक क्षेत्रों के लिए महत्वपूर्ण हैं। खान मंत्रालय पर्यावरणीय मानकों के अनुरूप सतत खनन को प्राथमिकता देते हुए पारदर्शी और प्रौद्योगिकी-सक्षम नीलामी प्रक्रिया लागू करने के लिए प्रतिबद्ध है।
इस पहल से रोजगार सृजन, राजस्व में वृद्धि, उद्योगों के विस्तार और स्थानीय समुदायों के लिए नए आर्थिक अवसर पैदा होने की उम्मीद है, जिससे जम्मू-कश्मीर की विकास यात्रा और विकसित भारत 2047 के राष्ट्रीय लक्ष्य को मजबूती मिलेगी।
