राष्ट्र ने वीर बाल दिवस के अवसर पर साहिबजादों के बलिदान को किया नमन | The Voice TV

Quote :

“स्वयं जैसे हो वैसे ही रहो; बाकी सब तो पहले से ही कोई और बन चुके हैं।” ― ऑस्कर वाइल्ड

National

राष्ट्र ने वीर बाल दिवस के अवसर पर साहिबजादों के बलिदान को किया नमन

Date : 26-Dec-2025

नई दिल्ली, 26 दिसंबर । राष्ट्र ने वीर बाल दिवस के अवसर पर शुक्रवार को साहिबजादों के अद्वितीय बलिदान को भावपूर्ण नमन किया।

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने एक्स पोस्ट में कहा, “मैं सिख पंथ के दसवें गुरु, गुरु गोबिन्द सिंह और उनके चारों बेटों के राष्ट्र एवं मानवता के लिए दिए गए बलिदान को भावपूर्ण नमन करती हूं! उन्होंने अपना जीवन हमेशा सत्य और न्याय के लिए संघर्ष करने में समर्पित किया। आज के दिन हम उनके दो सबसे छोटे साहिबज़ादों का स्मरण करते हैं जिनकी वीरता का सम्मान देश-विदेश में किया जाता है।”

रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि वीर बाल दिवस गुरु गोबिंद सिंह के अमर साहिबजादों- जोरावर सिंह जी एवं फतेह सिंह जी के अद्वितीय साहस और अपूर्व त्याग का राष्ट्रीय स्मरण है। राष्ट्र उनके बलिदान को सदा श्रद्धा, सम्मान और कृतज्ञता के साथ स्मरण करता रहेगा।

गृहमंत्री अमित शाह ने कहा कि गुरु गोबिंद सिंह के वीर साहिबजादों ने माता गुजरी और गुरु गोबिंद सिंह के उच्च संस्कारों के बल पर अल्पायु में ही धर्म और देश के लिए अद्वितीय बलिदान दिया।

कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि गुरु गोबिंद सिंह और साहिबजादों का पावन बलिदान अनंतकाल तक मातृभूमि और धर्म की रक्षा के लिए सभी को प्रेरित करता रहेगा।

अल्पसंख्यक मामलों के मंत्री किरेन रिजिजू ने कहा कि गुरु गोबिंद सिंह का अदम्य साहस, अटूट धर्मनिष्ठा और राष्ट्रधर्म के प्रति समर्पण आने वाली पीढ़ियों को सत्य, न्याय और धर्म के मार्ग पर अडिग रहने की प्रेरणा देता रहेगा।

संचार एवं उत्तर पूर्वी क्षेत्र विकास मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कहा कि धर्म और राष्ट्र की रक्षा के लिए बाल्यावस्था में भी जिन्होंने अन्याय के सामने शीश नहीं झुकाया, उनका बलिदान सदैव साहस और आत्मसम्मान की प्रेरणा देता रहेगा।

केंद्रीय कपड़ा मंत्री गिरिराज सिंह ने कहा कि साहिबजादों का पावन बलिदान युगों-युगों तक राष्ट्र और धर्म की रक्षा के लिए सभी को प्रेरणा प्रदान करेगा।

केंद्रीय संस्कृति राज्यमंत्री राव इंद्रजीत सिंह ने कहा कि वीर बाल दिवस पर गुरु गोबिंद सिंह के साहिबजादों का अद्वितीय साहस और सर्वोच्च बलिदान सभी को सदैव राष्ट्रसेवा और नैतिक मूल्यों पर अडिग रहने की प्रेरणा देता रहेगा।

नागरिक उड्डयन राज्यमंत्री मुरलीधर मोहोल ने कहा कि वीर बाल दिवस (साहिबज़ादा दिवस) हमें साहस, त्याग, आस्था और राष्ट्रधर्म के प्रति अटूट निष्ठा की प्रेरणा देता है।

दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि धर्म एवं राष्ट्र की मर्यादा और स्वाभिमान के लिए सर्वस्व अर्पित करने वाले वीर साहिबजादों को कोटि-कोटि नमन।


RELATED POST

Leave a reply
Click to reload image
Click on the image to reload
Advertisement









Advertisement