गुवाहाटी, 28 अप्रैल। गुवाहाटी के सोनापुर थाना क्षेत्र में पुरानी कार बेचने के नाम पर ठगी करने के एक मामले में पुलिस ने चार आरोपितों को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि आरोपितों ने एक व्यक्ति को सेकेंड-हैंड ब्रेज़ा कार बेचने का झांसा देकर लगभग पांच लाख रुपये की ठगी की।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, सोनापुर थाना की ईजीपीडी टीम ने बीते सोमवार को अभियान चलाते हुए राहुल चौधरी (27), अमित बोडो (19), राजीबुल हक (22) और भाग्यश्री बोडो (28) को गिरफ्तार किया। सभी आरोपित सोनापुर क्षेत्र के निवासी बताए गए हैं।
बताया गया है कि आरोपितों ने एएस-01जीजे-0706 नंबर की एक सेकेंड-हैंड ब्रेज़ा कार बेचने का लालच देकर पीड़ित से बड़ी रकम हासिल कर ली। मामले के उजागर होने के बाद पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए सभी को दबोच लिया।
पुलिस ने इस संबंध में मामला दर्ज कर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है और आगे की जांच जारी है।
