गर्मी से राहत के आसार, दक्षिण और उत्तर बंगाल में आंधी-बारिश का पूर्वानुमान | The Voice TV

Quote :

“स्वयं जैसे हो वैसे ही रहो; बाकी सब तो पहले से ही कोई और बन चुके हैं।” ― ऑस्कर वाइल्ड

National

गर्मी से राहत के आसार, दक्षिण और उत्तर बंगाल में आंधी-बारिश का पूर्वानुमान

Date : 28-Apr-2026

 कोलकाता, 28 अप्रैल । राज्य में पिछले कुछ दिनों से जारी भीषण गर्मी के बीच मौसम विभाग की ओर से राहत भरी खबर आई है। बताया गया है कि मतदान के दिन बुधवार को कोलकाता समेत कई जिलों में हवा की रफ्तार लगभग 60 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच सकती है। वहीं उत्तर बंगाल के कई जिलों में भारी बारिश की संभावना जताई गई है।

अगले तीन दिनों में अधिकतम तापमान में गिरावट आने का अनुमान है। भीषण गर्मी के बीच तापमान थोड़ा कम होने से लोगों को कुछ राहत मिली है। मंगलवार सुबह कोलकाता का न्यूनतम तापमान 28.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 2.3 डिग्री अधिक है।

अलीपुर मौसम विभाग के अनुसार दक्षिण बंगाल के सभी जिलों में गरज-चमक के साथ हल्की बारिश और आंधी की चेतावनी जारी की गई है। उत्तर और दक्षिण 24 परगना, पूर्व मेदिनीपुर, पश्चिम बर्धमान और नदिया में हल्की बारिश के साथ तेज हवा चल सकती है। कोलकाता समेत दक्षिण बंगाल के अन्य जिलों में हवा की गति 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटा तक रहने का अनुमान है।

बुधवार से दक्षिण बंगाल में आंधी-बारिश की गतिविधियां और बढ़ सकती हैं। उस दिन कोलकाता, हावड़ा, हुगली, उत्तर और दक्षिण 24 परगना में आंधी-बारिश की संभावना अधिक है। इसके अलावा पश्चिम मेदिनीपुर, बांकुड़ा, पूर्व और पश्चिम बर्धमान में भी ऐसी ही स्थिति रह सकती है। मौसम विभाग ने दक्षिण बंगाल के सभी जिलों में अगले शनिवार तक आंधी-बारिश की चेतावनी दी है।

उत्तर बंगाल में भी फिलहाल आंधी-बारिश का दौर जारी रहेगा। दार्जिलिंग, जलपाईगुड़ी, कालिम्पोंग और अलीपुरद्वार में गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना है। उत्तर बंगाल के विभिन्न जिलों में शुक्रवार तक कहीं-कहीं भारी बारिश हो सकती है।


RELATED POST

Leave a reply
Click to reload image
Click on the image to reload
Advertisement









Advertisement