हिमाचल में बदला मौसम, तेज हवाओं और बारिश से गर्मी से राहत, 4 मई तक अलर्ट जारी | The Voice TV

Quote :

“स्वयं जैसे हो वैसे ही रहो; बाकी सब तो पहले से ही कोई और बन चुके हैं।” ― ऑस्कर वाइल्ड

National

हिमाचल में बदला मौसम, तेज हवाओं और बारिश से गर्मी से राहत, 4 मई तक अलर्ट जारी

Date : 28-Apr-2026

 
शिमला, 28 अप्रैल । भीषण गर्मी से जूझ रहे हिमाचल प्रदेश में मौसम ने अचानक करवट ले ली है। पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने के कारण राज्य के कई हिस्सों में बादल छा गए हैं और हल्की से मध्यम बारिश के साथ तेज हवाएं चल रही हैं। शिमला सहित कई इलाकों में तापमान में गिरावट दर्ज की गई है, जिससे लोगों को गर्मी से राहत मिली है। सुबह से ही आसमान में घने बादल बने रहे और कई जगहों पर बूंदाबांदी देखने को मिली। शिमला, मनाली, हमीरपुर और ऊना में तेज हवाओं के साथ हल्की बारिश दर्ज की गई, जिससे मौसम सुहावना हो गया है।

पिछले कुछ दिनों से प्रदेश के मैदानी और निचले क्षेत्रों में गर्मी अपने चरम पर थी। ऊना में अधिकतम तापमान 42 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया था, जिससे लू जैसे हालात बन गए थे। लोगों को राहत के लिए बारिश का इंतजार था, जो अब पूरा होता नजर आ रहा है। मौसम विभाग के अनुसार, आने वाले दिनों में भी प्रदेश में मौसम ऐसा ही बना रहेगा और तापमान में और गिरावट संभव है।

मौसम विभाग ने आज के लिए आंधी, बिजली गिरने और 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाओं का येलो अलर्ट जारी किया है। 29 अप्रैल को कांगड़ा, कुल्लू, मंडी और शिमला जिलों में ओरेंज अलर्ट रहेगा, जहां 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की तेज हवाएं और ओलावृष्टि की संभावना जताई गई है। वहीं ऊना, बिलासपुर, हमीरपुर, चंबा, सोलन और सिरमौर जिलों में येलो अलर्ट जारी रहेगा। 30 अप्रैल और एक मई को भी कई इलाकों में येलो अलर्ट रहेगा। इसके बाद 2 मई को कुछ राहत रहेगी, लेकिन 3 और 4 मई को फिर से आंधी और बारिश की संभावना के चलते येलो अलर्ट जारी किया गया है। इस तरह पूरे सप्ताह प्रदेश में मौसम सक्रिय रहने का अनुमान है।

मौसम विभाग के अनुसार इस बदलाव के पीछे पश्चिमी विक्षोभ और उत्तर प्रदेश के ऊपर बने चक्रवाती परिसंचरण का असर है, जिससे बादल बन रहे हैं और बारिश हो रही है। इससे आने वाले दिनों में गर्मी का असर कम रहेगा और लोगों को राहत मिलती रहेगी।

राज्य के जिन शहरों का न्यूनतम तापमान उपलब्ध है, उनमें सबसे अधिक तापमान पांवटा साहिब में 23.0 डिग्री दर्ज किया गया। इसके बाद देहरा गोपीपुर 21.0, कांगड़ा 20.2, धर्मशाला और ऊना 20.0-20.0, बिलासपुर 19.0, मंडी 18.4, पालमपुर 18.0, जुब्बड़हट्टी 17.8, सुंदरनगर 17.4, नाहन 16.8, शिमला और बरठीं 16.6-16.6, सोलन 16.0, भुंतर 15.0, सेओबाग 13.8, मनाली 13.5, सराहन 12.3, ताबो 9.0 और कुकुमसेरी में सबसे कम 6.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।


RELATED POST

Leave a reply
Click to reload image
Click on the image to reload
Advertisement









Advertisement