छत्तीसगढ़-यूपी बॉर्डर पर ड्रग तस्करी का बड़ा भंडाफोड़, करीब छह करोड़ का गांजा जब्त | The Voice TV

Quote :

“स्वयं जैसे हो वैसे ही रहो; बाकी सब तो पहले से ही कोई और बन चुके हैं।” ― ऑस्कर वाइल्ड

National

छत्तीसगढ़-यूपी बॉर्डर पर ड्रग तस्करी का बड़ा भंडाफोड़, करीब छह करोड़ का गांजा जब्त

Date : 29-Dec-2025

बलरामपुर, 29 दिसंबर । छत्तीसगढ़ के थाना बसंतपुर पुलिस ने उत्तर प्रदेश सीमा पर ड्रग तस्करी का बड़ा भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने एक ट्रक से तीन अंतरराज्यीय तस्कर गिरफ्तार कर करीब छह करोड़ का गांजा जब्त किया है।

छत्तीसगढ़ के बलरामपुर-रामानुजगंज जिले में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। थाना बसंतपुर पुलिस ने छत्तीसगढ़-उत्तर प्रदेश सीमा पर एक टाटा ट्रक से नारियल भूसी के भीतर छिपाकर ले जाया जा रहा 1198.460 किलोग्राम अवैध मादक पदार्थ गांजा बरामद किया है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब छह करोड़ रुपये आंकी गई है। इस कार्रवाई में तीन अंतरराज्यीय तस्करों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से तस्करी में प्रयुक्त वाहन भी जब्त किया गया है।

बलरामपुर पुलिस ने साेमवार काे विज्ञप्ति में बताया कि 28 दिसंबर की रात थाना बसंतपुर प्रभारी निरीक्षक जितेंद्र सोनी ने मुखबिर से सूचना पर उड़ीसा से राजस्थान की ओर जा रहे एक टाटा ट्रक (क्रमांक आरओ 32 जीई 0960) में नारियल की भूसी लोड है, जिसके भीतर भारी मात्रा में गांजा छिपाकर ले जाया जा रहा है। इस सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने गवाहों के साथ धनवार बॉर्डर चेकपोस्ट पर घेराबंदी कर संदिग्ध वाहन को रोका।

पुलिस टीम ने वाहन की तलाशी लेने पर ट्रक के डाले में नारियल भूसी के भीतर भूरे रंग के टेप से लिपटे 40 पैकेटों में कुल 1198.460 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया। जब्त गांजे की अनुमानित कीमत लगभग पांच करोड़ 99 लाख रुपये बताई गई है। इसके अलावा तस्करी में प्रयुक्त टाटा ट्रक, जिसकी कीमत लगभग 25 लाख रुपये आंकी गई है, को भी जब्त कर पुलिस कब्जे में लिया गया।

पुलिस पूछताछ में गिरफ्तार आरोपिताें ने अपने नाम अम्रीश कुमार (23), निवासी पुरे पहलवान शेरशाह समरौता, थाना महाराजगंज, जिला रायबरेली (उ.प्र.), अम्बरीश कुमार पटेल (33), निवासी शाह मोहम्मद, पूर्व अप्या, थाना नगराम मोहनलालगंज, लखनऊ (उ.प्र.), मनीष कुमार पिता रामभवन (20 वर्ष), निवासी मैनझर, थाना शिवरतनगंज, जिला अमेठी (उ.प्र.) बताए हैं। तीनों आरोपित उत्तर प्रदेश के निवासी हैं और अंतरराज्यीय स्तर पर गांजा तस्करी में संलिप्त पाए गए हैं।

मामले में थाना बसंतपुर में अपराध क्रमांक 228/2025, धारा 20 (बी)(ii)(सी) एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया है। पुलिस ने तीनों आरोपिताें को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।

पुलिस महानिरीक्षक सरगुजा रेंज दीपक कुमार झा एवं पुलिस अधीक्षक बलरामपुर वैभव बेंकर के निर्देशन में जिले में मादक पदार्थों की तस्करी के विरुद्ध लगातार सघन अभियान चलाया जा रहा है।

उल्लेखनीय है कि, इस बड़ी कार्रवाई को नशे के अवैध नेटवर्क पर करारा प्रहार माना जा रहा है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ अभियान आगे भी सख्ती से जारी रहेगा और इसमें संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।


RELATED POST

Leave a reply
Click to reload image
Click on the image to reload
Advertisement









Advertisement