कोलकाता, 02 फरवरी । पश्चिम बंगाल की राजधानी कोलकाता के पार्क स्ट्रीट स्थित मशहूर बार-कम-रेस्टोरेंट ओलिपब ने यूट्यूबर सायक चक्रवर्ती को गलती से बकरे के मांस की जगह बीफ परोसने पर औपचारिक रूप से माफी मांग ली है। इसके बाद सायक ने संबंधित वेटर के खिलाफ दर्ज कराई गई पुलिस शिकायत वापस लेने का फैसला किया है। रविवार रात रेस्टोरेंट ने अपना माफीनामा जारी किया।
यह घटना 30 जनवरी की शाम की है। सायक अपने दो दोस्तों के साथ ओलिपब पहुंचे और उन्होंने मटन स्टेक का ऑर्डर दिया। आरोप है कि मुस्लिम वेटर ने उन्हें बीफ परोस दिया। इसे लेकर वेटर और मैनेजर से उनकी बहस हो गई। बाद में सायक ने इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो सोशल मीडिया पर साझा किया।
ओलिपब ने माफीनामा में कहा कि वेटर से गंभीर लेकिन अनजाने में गलती हो गई। यह पूरी तरह से मानवीय भूल थी और किसी की भावनाओं को ठेस पहुंचाने का कोई इरादा नहीं था। रेस्टोरेंट इसके लिए खेद जताते हुए माफी मांगता है। ओलिपब ने अपनी 80 साल पुरानी विरासत का जिक्र करते हुए ग्राहकों और कर्मचारियों के साथ सम्मानजनक व्यवहार के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।
सायक की शिकायत के बाद पार्क स्ट्रीट थाने की पुलिस ने वेटर शेख नसीरुद्दीन को धार्मिक भावनाएं आहत करने के आरोप में गिरफ्तार किया था। अदालत से उसे जमानत नहीं मिली।
इस बीच मामला तब और बढ़ गया, जब हावड़ा के जयराज भट्टाचार्य ने सायक के खिलाफ अलग शिकायत दर्ज कराई। उन्होंने सायक पर साजिश के तहत सांप्रदायिक माहौल बिगाड़ने की कोशिश करने का आरोप लगाया। सोशल मीडिया पर बढ़ते विरोध और आलोचना के बीच सायक चक्रवर्ती ने अपनी शिकायत वापस लेने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि ओलिपब ने आखिरकार माफी मांग ली है और अब किसी तरह की कहानी या अटकलें न फैलाई जाएं। उन्होंने माना कि वह गुस्से में पुलिस थाने गए और उस समय ठीक से सोच नहीं पाए।
सायक ने यह भी कहा कि उन्होंने कभी बीफ का सेवन नहीं किया है और आगे से वह अधिक सावधान रहेंगे। उन्होंने अपनी प्रतिक्रिया को भी गलत बताया और इसके लिए माफी मांगी। साथ ही कहा कि भविष्य में वह अपने ब्लाॅग्स के जरिए किसी भी तरह के विवाद में नहीं पड़ना चाहते।
