पटना, 02 फ़रवरी । बिहार के गृह सचिव सह कारा महानिरीक्षक प्रणव कुमार की अध्यक्षता में सोमवार को जन-सुनवाई का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम सुबह 11:00 बजे से दोपहर 01:00 बजे तक चला।
जन-सुनवाई के दौरान गृह सचिव ने सभी मामलों को गंभीरता से सुना और संबंधित अधिकारियों को त्वरित, पारदर्शी और प्रभावी निष्पादन के लिए दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों को जनसमस्याओं के समाधान में संवेदनशीलता, तत्परता और जवाबदेही सुनिश्चित करने पर विशेष बल देने को कहा।
इस अवसर पर प्रणव कुमार ने बताया कि "सबका सम्मान-जीवन आसान" अभियान का उद्देश्य आम नागरिकों की समस्याओं का शीघ्र समाधान करना और प्रशासन तथा जनता के बीच विश्वास को और मजबूत बनाना है।
गृह विभाग के तहत इस योजना के अंतर्गत सोमवार को सुबह 11:00 से 01:00 तथा शुक्रवार को अपराह्न 03:00 से 05:00 दो दिन जन-सुनवाई आयोजित की जाती है। इसमें विभाग के अपर मुख्य सचिव, सचिव और विशेष सचिव फरियादियों से मिलकर उनकी समस्याओं को सुनते हैं और प्रभावी निष्पादन के लिए आवश्यक दिशानिर्देश देते हैं।----
