सब्जी मंडी व प्राचीन मेला ग्राउंड क्षेत्र में गंदगी से बजबजाई नालियां, दुर्गंध से जनजीवन प्रभावित | The Voice TV

Quote :

“स्वयं जैसे हो वैसे ही रहो; बाकी सब तो पहले से ही कोई और बन चुके हैं।” ― ऑस्कर वाइल्ड

National

सब्जी मंडी व प्राचीन मेला ग्राउंड क्षेत्र में गंदगी से बजबजाई नालियां, दुर्गंध से जनजीवन प्रभावित

Date : 04-Feb-2026

औरैया, 04 फरवरी। उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद में अजीतमल कस्बे के गांधी नगर स्थित प्राचीन मेला ग्राउंड व सब्जी मंडी क्षेत्र में गंदगी और दुर्गंध की समस्या लगातार गंभीर होती जा रही है। क्षेत्र की नालियों में लंबे समय से दुर्गंधयुक्त गंदा पानी जमा होने के कारण स्थानीय लोगों, दुकानदारों और राहगीरों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। नालियों में भरे पानी से कीड़े-मकोड़े पनप रहे हैं, जिससे संक्रामक बीमारियों के फैलने का खतरा भी बना हुआ है।

स्थानीय दुकानदार कुलदीप तिवारी ने बताया कि पिछले कई दिनों से नाले के निर्माण कार्य के चलते पानी की निकासी रोक दी गई है। इसके कारण गंदा पानी आगे नहीं निकल पा रहा है और सड़कों व गलियों में जलभराव की स्थिति उत्पन्न हो गई है। कई बार राहगीर फिसलकर गिर चुके हैं। चारों ओर फैली दुर्गंध के कारण लोगों का इस क्षेत्र में रहना और आना-जाना मुश्किल हो गया है।

सब्जी मंडी क्षेत्र की स्थिति भी चिंताजनक बनी हुई है। मंडी में जगह-जगह पानी भरा होने से ग्राहकों को सब्जी खरीदने में काफी दिक्कत हो रही है। दुकानदारों का कहना है कि गंदगी और बदबू के कारण ग्राहक मंडी आने से बच रहे हैं, जिससे उनके व्यापार पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है। कई दुकानदारों ने बताया कि यदि जल्द समस्या का समाधान नहीं हुआ तो उनका कारोबार और अधिक प्रभावित होगा।

इस संबंध में नगर पंचायत अध्यक्ष आशा चक ने बताया कि नाला निर्माण कार्य के चलते अस्थायी रूप से पानी रोका गया है। उन्होंने आश्वासन दिया कि समस्या का शीघ्र निस्तारण कराया जाएगा और निर्माण कार्य पूरा होते ही पानी की निकासी सुचारु कर दी जाएगी।

वहीं स्थानीय नागरिकों ने नगर पंचायत प्रशासन से मांग की है कि नालियों की तत्काल सफाई कराई जाए और अधूरे निर्माण कार्य को जल्द से जल्द पूरा कराया जाए, ताकि क्षेत्रवासियों को इस गंभीर समस्या से राहत मिल सके और स्वास्थ्य संबंधी खतरे से बचाव हो सके।


RELATED POST

Leave a reply
Click to reload image
Click on the image to reload
Advertisement









Advertisement