शिमला, 05 फ़रवरी । हिमाचल प्रदेश में पिछले दिनों हुई व्यापक बर्फबारी के बाद फिलहाल मौसम खुलने से लोगों को कुछ राहत जरूर मिली है। लेकिन यह राहत ज्यादा दिनों तक टिकने वाली नहीं है। मौसम विभाग के अनुसार 9 फरवरी से प्रदेश में एक बार फिर मौसम का मिजाज बिगड़ने वाला है। इससे पहले ही ठंड ने अपना असर तेज कर दिया है और इस सर्दी के मौसम की सबसे ठंडी रात दर्ज की गई है। जनजातीय जिला लाहौल-स्पीति के कुकुमसेरी में न्यूनतम तापमान शून्य से 14.9 डिग्री नीचे पहुंच गया।
पिछले दो दिनों से प्रदेश के अधिकतर हिस्सों में मौसम साफ बना हुआ है। गुरुवार को भी धूप खिलने से शिमला सहित कई इलाकों में मौसम सुहावना हो गया है। हालांकि मौसम विज्ञान केंद्र शिमला ने अगले 24 घंटों के दौरान राज्य के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश और ऊंचाई वाले क्षेत्रों में हल्की बर्फबारी की संभावना जताई है। साथ ही निचले और मैदानी इलाकों में घने कोहरे को लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है। इसके बाद 7 और 8 फरवरी को पूरे प्रदेश में मौसम साफ रहने का अनुमान है।
मौसम विभाग के अनुसार 9 फरवरी से पश्चिमी विक्षोभ एक बार फिर सक्रिय होगा। इसके असर से 9 से 11 फरवरी के बीच ऊंचाई वाले इलाकों में बारिश और बर्फबारी जबकि मध्य पर्वतीय और मैदानी क्षेत्रों में बारिश होने के आसार हैं। इस दौरान शिमला और मनाली जैसे प्रमुख हिल स्टेशनों पर भी बर्फ गिरने की संभावना जताई गई है। इस सर्दी के मौसम में शिमला और मनाली में अब तक दो बार हिमपात हो चुका है। 23 जनवरी को हुए पहले भारी हिमपात से जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ था और सैकड़ों सड़कें बंद हो गई थीं।
इस बीच, राज्य के निचले भागों में कोहरे ने भी लोगों की परेशानी बढ़ाई है। बिलासपुर में गुरुवार सुबह घने कोहरे के कारण दृश्यता घटकर मात्र 50 मीटर रह गई। सुंदरनगर में विजिबिलिटी 100 मीटर और मंडी में 200 मीटर दर्ज की गई, जिससे सुबह के समय यातायात प्रभावित हुआ।
प्रदेश में ठंड लगातार बढ़ रही है और कई स्थानों पर न्यूनतम तापमान शून्य से नीचे चला गया है। मौसम विज्ञान केंद्र की रिपोर्ट के मुताबिक कुकुमसेरी में न्यूनतम तापमान माइनस 14.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो इस विंटर सीजन की सबसे सर्द रात रही। इसी जिले के ताबो में न्यूनतम तापमान माइनस 11.4 डिग्री सेल्सियस रहा। जनजातीय इलाकों में भीषण ठंड के कारण प्राकृतिक जलस्रोत जम गए हैं और लोग कड़ाके की ठंड से जूझ रहे हैं।
अन्य क्षेत्रों में किन्नौर के कल्पा में माइनस 2 डिग्री, मनाली में माइनस 0.7 डिग्री, सियोबाग में 0.1 डिग्री और भुंतर में 1.2 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान दर्ज किया गया। सोलन में 2.1 डिग्री, सुंदरनगर में 3.1 डिग्री, धर्मशाला में 3.8 डिग्री, कांगड़ा में 4.5 डिग्री और मंडी में करीब 5 डिग्री सेल्सियस तापमान रहा। राजधानी शिमला में न्यूनतम तापमान 5 डिग्री, ऊना में 5.8 डिग्री, बिलासपुर और जुब्बड़हट्टी में 6 डिग्री, पालमपुर में 7.5 डिग्री, नाहन में 8.9 डिग्री और कसौली में 8.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
