कैथल : परीक्षा के लिए की गई मेहनत व प्रयास ही परीक्षार्थी की पहचान: नायब सिंह सैनी | The Voice TV

Quote :

"छोटा सा बदलाव ही जिंदगी की एक बड़ी कामयाबी का हिस्सा होता है"।

National

कैथल : परीक्षा के लिए की गई मेहनत व प्रयास ही परीक्षार्थी की पहचान: नायब सिंह सैनी

Date : 06-Feb-2026

 कैथल, 06 फ़रवरी । मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि परीक्षा पर चर्चा केवल अंकों की बात नहीं है, बल्कि यह विद्यार्थी के मन, आत्मविश्वास और सपनों की चर्चा है। यह उनके लिए खुद को परखने और आत्मविकास का अवसर भी है। परीक्षा में कई बार अंक कम आ जाते हैं, उससे घबराना नहीं चाहिए। निरंतर कड़ी मेहनत और प्रयास करने चाहिए। हमें अपने जीवन में विजन और सोच बड़ी रखनी चाहिए।

मुख्यमंत्री सैनी शुक्रवार को शिक्षा निदेशालय द्वारा आरकेएसडी कॉलेज के सभागार में आयोजित परीक्षा पे चर्चा के राज्य स्तरीय कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि विद्यार्थियाें काे संबाेधित कर रहे थे।

उन्होंने विद्यार्थियों के साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के एग्जाम वॉरियर्स विशेष एपिसोड के लाइव प्रसारण देखा। इसके बाद मुख्यमंत्री ने कक्षा नाैवीं से 12वीं के विद्यार्थियों, शिक्षकों और अभिभावकों को संबोधित करते हुए उनका मनोबल बढ़ाया। उन्हाेंने विद्यार्थियों को आगामी परीक्षाओं की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि आप अपने जीवन में निरंतर आगे बढ़े, ऊंचाई को छुए और विकसित भारत में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएं। निश्चित रूप से आप सभी विद्यार्थी वर्ष 2047 में विकसित भारत के मजबूत स्तंभ होंगे।

मुख्यमंत्री ने बच्चों को परीक्षा का दबाव न लेने का आह्वान करते हुए कहा कि परीक्षा आपकी पहचान नहीं बल्कि परीक्षा के लिए किए गए आपके प्रयास, मेहनत व सोच ही आपकी असली पहचान है। मुख्यमंत्री ने कहा कि आज हम सबने परीक्षा पर चर्चा कार्यक्रम में भाग लिया और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संदेश को सुना। प्रधानमंत्री ने परीक्षा के दौरान विद्यार्थियों के मन में उठने वाले डर और तनाव को लेकर एक बहुत ही महत्वपूर्ण और प्रेरणादायक संदेश दिया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी हर वर्ष बच्चों की परीक्षाओं से पहले उनसे जुड़कर चर्चा करते हैं।

इससे पहले डीसी अपराजिता ने परीक्षा पर चर्चा कार्यक्रम में पहुंचने पर मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी का स्वागत किया। उन्हाेंने कहा कि परीक्षा पर चर्चा कार्यक्रम से विद्यार्थियों के आत्मविश्वास को नई ऊंचाइयां मिलेंगी और परीक्षा को तनाव नहीं, बल्कि अवसर के रूप में देखने की सकारात्मक सोच को और सुदृढ़ करेगा। कार्यक्रम के अंत में शिक्षा विभाग की अतिरिक्त निदेशक ऋचा राठी व डीसी अपराजिता ने मुख्यमंत्री को स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया।

इस अवसर पर हरियाणा के सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री कृष्ण कुमार बेदी, भाजपा जिलाध्यक्ष ज्योति सैनी, पूर्व मंत्री कमलेश ढांडा, पूर्व विधायक लीला राम, जिला परिषद चेयरमैन कर्मबीर कौल, नगर परिषद चेयरपर्सन सुरभि गर्ग, एसपी उपासना मौजूद रहे।


RELATED POST

Leave a reply
Click to reload image
Click on the image to reload









Advertisement