मथुरा के पास यमुना एक्सप्रेस-वे पर सड़क हादसा, छह की मौत | The Voice TV

Quote :

“स्वयं जैसे हो वैसे ही रहो; बाकी सब तो पहले से ही कोई और बन चुके हैं।” ― ऑस्कर वाइल्ड

National

मथुरा के पास यमुना एक्सप्रेस-वे पर सड़क हादसा, छह की मौत

Date : 07-Feb-2026

 मथुरा,(उत्तर प्रदेश) 07 फरवरी। उत्तर प्रदेश में मथुरा जिले में यमुना एक्सप्रेस-वे पर शनिवार सड़क हादसे में छह यात्रियों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक यात्री गंभीर रूप से घायल हो गया। यह हादसा थाना सुरीर क्षेत्र के माइल स्टोन 88 के पास तड़के करीब पौने तीन बजे हुआ।

मुख्यमंत्री ने सड़क हादसे का संज्ञान लिया है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मृतकों के शोक संतप्त परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की है। उन्होंने अधिकारियों को तत्काल मौके पर पहुंच कर राहत कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए हैं।

थाना प्रभारी सुरीर अजय कुमार ने बताया कि दिल्ली के नांगलोई से कानपुर के रसूलाबाद जा रही एक प्राइवेट बस के यात्रियों ने लघुशंका के लिए चालक से बस रोकने को कहा। चालक ने ग्रीन जोन में बस न रोकते हुए एक्सप्रेस-वे पर ही बस खड़ी कर दी। बस से उतरकर यात्री सड़क किनारे लघुशंका कर रहे थे, तभी पीछे से आ रहे तेज रफ्तार कंटेनर ने पहले बस में टक्कर मारी और फिर नीचे खड़े यात्रियों को रौंद दिया। हादसे में औरैया जनपद के सरवा कटरा निवासी सोनू, बस्ती जिले के अलेवल निवासी देवेश, कन्नौज के गणेश का पुरवा निवासी अस्लम, दिल्ली के प्रेम नगर निवासी संतोष समेत दो अन्य अज्ञात यात्रियों की मौके पर ही मौत हो गई। मृतकों में दो लोगों की अभी पहचान नहीं हो सकी है।

वहीं, औरैया के बेला निवासी अमर दुबे इस हादसे में गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हादसे के समय मौसम साफ था और कोहरा नहीं था। थाना प्रभारी सुरीर अजय कुमार ने बताया कि कंटेनर चालक की तलाश जारी है।


RELATED POST

Leave a reply
Click to reload image
Click on the image to reload
Advertisement









Advertisement