जयपुर, 07 फ़रवरी । राजस्थान में मौसम के बदलाव का दौर शुरू हो गया है। शुक्रवार को प्रदेशभर में तेज धूप निकलने से अधिकतम तापमान में चार डिग्री सेल्सियस तक की बढ़ोतरी हो गई। कई शहरों में अधिकतम तापमान 32 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया, जिससे दिन के समय हल्की गर्मी महसूस की गई। वहीं, सुबह और शाम के समय तापमान में तेज गिरावट के कारण सर्दी का असर बना रहा।
मौसम विशेषज्ञों के अनुसार प्रदेश में आगामी पांच दिनों तक मौसम इसी तरह शुष्क रहने की संभावना है। इस दौरान दिन में धूप और रात व सुबह के समय ठंड का असर बना रहेगा।
शुक्रवार सुबह टोंक में हल्का कोहरा छाया रहा। पिछले 24 घंटों में जैसलमेर, जोधपुर, बाड़मेर, जालोर, जयपुर, अजमेर, उदयपुर सहित अधिकांश शहरों में आसमान साफ रहा। सुबह से ही धूप खिली रही और दिन चढ़ने के साथ सूरज की तपिश बढ़ती गई।
बाड़मेर में अधिकतम तापमान 2.3 डिग्री की बढ़ोतरी के साथ 32.6 डिग्री सेल्सियस मापा गया। जालोर और पाली में तापमान 30 डिग्री सेल्सियस, जैसलमेर में 29.6, जोधपुर में 29.8, डूंगरपुर और दौसा में 29.1, चित्तौड़गढ़ में 29.8, उदयपुर में 29 तथा बीकानेर में 28.6 डिग्री सेल्सियस रहा।
जयपुर, अजमेर, भीलवाड़ा, टोंक, पिलानी, फलोदी और श्रीगंगानगर में भी दिन के समय हल्की गर्मी रही, जहां अधिकतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया।
तेज धूप से पहले शुक्रवार सुबह प्रदेश में कड़ाके की सर्दी देखने को मिली। दौसा, करौली, फतेहपुर, नागौर और सीकर में न्यूनतम तापमान पांच डिग्री सेल्सियस से नीचे मापा गया। प्रदेश में सबसे अधिक ठंड फतेहपुर और नागौर में रही, जहां न्यूनतम तापमान 3.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
