लखनऊ,08 फरवरी । राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के 100 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में 09 फरवरी को सायंकाल भागीदारी भवन के प्रेक्षागृह में संगीत साधकों की गोष्ठी होगी। इस अवसर पर शास्त्रीय संगीत और पाश्चात्य संगीत सहित संगीत के विविध स्वरूपों का समागम होगा। गोष्ठी में कलाकार अपने गायन व वादन कला का प्रदर्शन भी करेंगे।
यह जानकारी राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के विभाग शारीरिक शिक्षण प्रमुख अतुल सिंह ने दी। उन्होंने बताया कि इस गोष्ठी में भजन व कीर्तन मण्डली,जागरण पार्टी,ब्रास बैंड,मार्चिंग बैंड,स्कूल बैंड व संघ का घोष वादन करने वाले कार्यकर्ताओं को बुलाया गया है। सबका पंजीकरण किया जा रहा है। अतुल सिंह ने बताया कि संगीत साधकों की गोष्ठी में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के अखिल भारतीय शारीरिक शिक्षण प्रमुख जगदीश प्रसाद उपस्थित रहेंगे।
