खादिकुल विस्फोट कांड में नया विवाद, तृणमूल युवा पद को लेकर राजनीतिक हलचल | The Voice TV

Quote :

"छोटा सा बदलाव ही जिंदगी की एक बड़ी कामयाबी का हिस्सा होता है"।

National

खादिकुल विस्फोट कांड में नया विवाद, तृणमूल युवा पद को लेकर राजनीतिक हलचल

Date : 08-Feb-2026

 पूर्व मेदिनीपुर, 08 फरवरी । जिले के एगरा में खादिकुल विस्फोट कांड को लेकर एक बार फिर राजनीतिक विवाद गहराता जा रहा है। वर्ष 2023 में खादिकुल स्थित अवैध पटाखा कारखाने में हुए भयावह विस्फोट के आरोपित भानु बाग के परिवार के एक सदस्य को तृणमूल कांग्रेस युवा शाखा का क्षेत्रीय अध्यक्ष बनाए जाने से राजनीतिक महकमे में हलचल मच गई है।

गौरतलब है कि मई 2023 में खादिकुल गांव में हुए विस्फोट में 11 लोगों की जान चली गई थी। इस घटना के बाद स्थानीय पटाखा कारोबारी भानु बाग का नाम मुख्य आरोपित के रूप में सामने आया था। बाद में ओडिशा में इलाज के दौरान उसकी मृत्यु हो गई। तब से ही विपक्षी दल तृणमूल कांग्रेस पर अवैध पटाखा कारोबार को संरक्षण देने का आरोप लगाते रहे हैं।

अब आरोपित भानु बाग के परिवार के सदस्य को संगठनात्मक जिम्मेदारी सौंपे जाने से पुराना विवाद फिर उभर आया है। शनिवार शाम भाजपा के कार्यक्रम में एगरा भाजपा नेता अरूप दास ने इस नियुक्ति को लेकर तृणमूल पर हमला बोलते हुए कहा है कि यह कदम अपराध और अपराधियों से समझौते का उदाहरण है।

भाजपा नेताओं का आरोप है कि जिन घटनाओं में निर्दोष लोगों की जान गई, उनसे जुड़े परिवार को राजनीतिक पद देना पीड़ितों के साथ अन्याय है।

वहीं, तृणमूल कांग्रेस के ब्लॉक नेतृत्व ने इन आरोपों को सिरे से खारिज किया है। पार्टी नेताओं का कहना है कि नियुक्ति संगठनात्मक कार्य और सक्रियता के आधार पर की गई है। किसी एक व्यक्ति पर लगे आरोपों की जिम्मेदारी उसके परिवार के अन्य सदस्यों पर नहीं डाली जा सकती।


RELATED POST

Leave a reply
Click to reload image
Click on the image to reload









Advertisement