गुढ़ इंडस्ट्रियल एरिया का विकास रीवा के औद्योगिक और आर्थिक सशक्तिकरण की दिशा में अहम: उप मुख्यमंत्री शुक्ल | The Voice TV

Quote :

“स्वयं जैसे हो वैसे ही रहो; बाकी सब तो पहले से ही कोई और बन चुके हैं।” ― ऑस्कर वाइल्ड

National

गुढ़ इंडस्ट्रियल एरिया का विकास रीवा के औद्योगिक और आर्थिक सशक्तिकरण की दिशा में अहम: उप मुख्यमंत्री शुक्ल

Date : 09-Feb-2026

 भोपाल, 09 फरवरी  । मध्‍य प्रदेश के उप मुख्यमंत्री राजेन्द्र शुक्ल ने सोमवार को राजधानी भोपाल स्थित मंत्रालय में रीवा जिले के गुढ़ स्थित इंडस्ट्रियल एरिया में चल रहे विकास कार्यों की समीक्षा की। उप मुख्यमंत्री शुक्ल ने नगर परिषद गुढ़ एवं औद्योगिक क्षेत्र गुढ़ में महत्वाकांक्षी जल प्रदाय योजना के कार्यों को शीघ्र क्रियान्वित करने के निर्देश दिए।

उल्लेखनीय है कि 16 करोड़ लागत की इस महत्वाकांक्षी परियोजना में अब तक सिर्फ सात करोड़ लागत का कार्य ही हो सका है। इस परियोजना से 5 एमएलडी जल नगर परिषद गुढ़ को और 5 एमएलडी जल औद्योगिक क्षेत्र गुढ़ को प्राप्त होगा। इस प्रोजेक्ट के पूर्ण होने से गुढ़ क्षेत्र में जल प्रदाय व्यवस्था सुदृढ़ होगी साथ ही औद्योगिक क्षेत्र का भी विकास होगा।

उप मुख्यमंत्री शुक्ल ने कहा कि किसी भी औद्योगिक क्षेत्र के समुचित विकास के लिए बिजली, पानी, सड़क, ड्रेनेज जैसी मूलभूत सेवाओं का सुदृढ़ होना अनिवार्य है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि गुढ़ इंडस्ट्रियल एरिया के विकास कार्यों को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए और बिजली, सड़क, जल एवं अन्य आवश्यक सेवाओं के विस्तार के लिए तत्काल और प्रभावी कार्यवाही सुनिश्चित की जाए। साथ ही उन्होंने उच्च अधिकारियों को निर्देशित किया कि विकास कार्यों की नियमित समीक्षा की जाए। उन्होंने कहा कि इस कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार्य नहीं है।

उप मुख्यमंत्री शुक्ल ने कहा कि गुढ़ इंडस्ट्रियल एरिया का समग्र विकास न केवल रीवा जिले की औद्योगिक पहचान को मजबूत करेगा, बल्कि इससे स्थानीय युवाओं के लिए बड़े पैमाने पर रोजगार के अवसरों का सृजन होगा। उद्योगों की स्थापना से प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष दोनों प्रकार के रोजगार बढ़ेंगे, जिससे क्षेत्र की आर्थिक स्थिति सुदृढ़ होगी। उन्होंने यह भी कहा सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें। बैठक में मध्यप्रदेश औद्योगिक विकास निगम (एमपीआईडीसी) के प्रबंध संचालक चंद्रमौली शुक्ला सहित विभागीय वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।


RELATED POST

Leave a reply
Click to reload image
Click on the image to reload
Advertisement









Advertisement