चंडीगढ़, 09 फ़रवरी ।पंजाब के राज्यपाल गुलाब चंद कटारिया ने बीती देर
रात अमृतसर स्थित दरबार साहिब में माथा टेका। राज्यपाल ने सरबत के भले की अरदास की। गुरु घर के
आध्यात्मिक और शांत वातावरण में राज्यपाल की उपस्थिति ने इस क्षण को
और भी श्रद्धा व आस्था से भर दिया।
राज्यपाल इन दिनों पंजाब नशों
के विरूद्ध अभियान चलाते हुए जागरूकता कार्यक्रमों में शामिल हो रहे हैं। इसी
दौरान रविवार की रात अमृतसर पहुंचकर उन्होंने
गुरु घर में पूरी श्रद्धा और विनम्रता के साथ माथा टेका और गुरु साहिब का आशीर्वाद
प्राप्त किया। दरबार साहिब में
माथा टेकने के बाद राज्यपाल गुलाब चंद कटारिया ने कहा कि वह स्वयं को
अत्यंत सौभाग्यशाली महसूस कर रहे हैं कि उन्हें गुरु घर में मत्था टेकने और पालकी
साहिब के दर्शन करने का अवसर प्राप्त हुआ।
राज्यपाल ने कहा कि वह जिन
जिम्मेदारियों और कार्यों को आगे बढ़ाने जा रहे हैं, उससे
पहले गुरु साहिब का आशीर्वाद लेना उनके लिए अत्यंत आवश्यक था। राज्यपाल ने
कहा कि श्री गुरु ग्रंथ साहिब जी की बाणी सत्य, सेवा, संयम और मानवता का संदेश देती है। यदि हम इन
उपदेशों को अपने जीवन में अपनाएं, तो समाज से कई बुराइयों को
दूर किया जा सकता है। उनकी यह यात्रा आध्यात्मिकता, सामाजिक
जिम्मेदारी और लोक-कल्याण का संदेश लेकर आई।
