राजस्थान के मौसम में उतार-चढ़ाव, दिन में गर्मी तो सुबह-शाम सर्दी का असर | The Voice TV

Quote :

"छोटा सा बदलाव ही जिंदगी की एक बड़ी कामयाबी का हिस्सा होता है"।

National

राजस्थान के मौसम में उतार-चढ़ाव, दिन में गर्मी तो सुबह-शाम सर्दी का असर

Date : 09-Feb-2026

 जयपुर, 09 फ़रवरी । राजस्थान के मौसम में शुक्रवार को मामूली उतार-चढ़ाव देखने को मिला। उत्तरी हवा के असर से शेखावाटी अंचल समेत कई शहरों के न्यूनतम तापमान में गिरावट आ गई। वहीं पश्चिमी राजस्थान के जैसलमेर और बाड़मेर क्षेत्रों में हल्के बादल छाए रहने से धूप कमजोर रही, जिसके चलते अधिकतम तापमान में भी एक से दो डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट आई।

मौसम विज्ञान केन्द्र जयपुर के अनुसार राज्य में आगामी एक सप्ताह तक मौसम शुष्क (ड्राय) रहने की संभावना है। इस दौरान तापमान में केवल मामूली उतार-चढ़ाव देखने को मिलेगा। पिछले 24 घंटे में रविवार को फतेहपुर और पाली प्रदेश के सबसे ठंडे इलाके रहे। यहां न्यूनतम तापमान क्रमशः 4.9 और 5 डिग्री सेल्सियस मापा गया। वहीं दिन में सर्वाधिक अधिकतम तापमान बाड़मेर में 31 डिग्री सेल्सियस रहा।

अन्य शहरों में जालोर में 30 डिग्री, दौसा में 29.5, डूंगरपुर में 29.3, जैसलमेर, जोधपुर और चित्तौड़गढ़ में करीब 29.8, अजमेर व भीलवाड़ा में 28.2, टोंक में 28.6, उदयपुर में 28.4, पिलानी व बीकानेर में 28, फलोदी में 28.6 और जयपुर में 27.8 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान रहा।

प्रदेश में इन दिनों दिन और रात के तापमान में बड़ा अंतर बना हुआ है। दिन में तेज धूप के कारण अधिकतम तापमान 25 से 31 डिग्री सेल्सियस के बीच बना हुआ है, जिससे हल्की गर्मी महसूस हो रही है। वहीं सुबह और शाम के समय सर्दी का असर तेज है।

शेखावाटी क्षेत्र के सीकर, पिलानी, फतेहपुर, झुंझुनूं के साथ दौसा, करौली, सिरोही, बारां, श्रीगंगानगर, माउंट आबू, अलवर और टोंक में रात का न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से नीचे चला जा रहा है।

मौसम विज्ञान केन्द्र जयपुर के निदेशक राधेश्याम शर्मा ने बताया कि अगले एक सप्ताह तक प्रदेश में मौसम शुष्क बना रहेगा और तापमान में कोई बड़ा बदलाव नहीं होगा। उत्तर-पूर्वी राजस्थान के शहरों में सुबह-शाम सर्दी तेज रहेगी, जबकि दिन में तेज धूप के कारण अधिकतम तापमान सामान्य से ऊपर मापा जा सकता है।


RELATED POST

Leave a reply
Click to reload image
Click on the image to reload









Advertisement