भाजपा-महायुति की विकास की राजनीति को मतदाताओं का स्पष्ट जनादेश : रविंद्र चव्हाण | The Voice TV

Quote :

“स्वयं जैसे हो वैसे ही रहो; बाकी सब तो पहले से ही कोई और बन चुके हैं।” ― ऑस्कर वाइल्ड

National

भाजपा-महायुति की विकास की राजनीति को मतदाताओं का स्पष्ट जनादेश : रविंद्र चव्हाण

Date : 09-Feb-2026

 मुंबई, 09 फरवरी । भारतीय जनता पार्टी (भाजपा ) के प्रदेश अध्यक्ष रविंद्र चव्हाण ने सोमवार को कहा कि महाराष्ट्र जिला परिषद और नगर पंचायत चुनाव में भाजपा नंबर वन पक्ष बन कर उभरी है। इन परिणामों से भाजपा-महायुति की विकास की राजनीति को मतदाताओं की स्पष्ट पसंद मिली है।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष रविंद्र चव्हाण ने सोमवार को पत्रकारों को बताया कि 12 जिला परिषदों और 125 पंचायत समितियों के चुनावों में भारतीय जनता पार्टी पूरे राज्य में नंबर एक पार्टी बनी है। 12 जिला परिषदों में सभी स्थानों पर भाजपा और महायुति की ही सत्ता स्थापित होगी तथा 125 पंचायत समितियों में से 50 से अधिक स्थानों पर भाजपा सत्ता में आएगी । उन्होंने कहा कि इन चुनावों में महायुति के 80 प्रतिशत से अधिक प्रतिनिधि निर्वाचित हुए हैं और मतदाताओं ने उबाठा तथा कांग्रेस को स्पष्ट रूप से नकार दिया है।

रविंद्र चव्हाण ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली एनडीए सरकार ने पिछले 11 वर्षों में समाज के प्रत्येक वर्ग के उत्थान और हर क्षेत्र के विकास के लिए जो विकासोन्मुख नीतियाँ लागू की हैं, उन पर जनता ने विश्वास व्यक्त किया है। प्रत्येक चुनाव में कार्यकर्ताओं के साथ मिलकर मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस भाजपा की विचारधारा को जन-जन तक पहुँचाने के लिए दिन-रात प्रचार करते हैं। किंतु इस बार अजितदादा के निधन के बाद संवेदनशील मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने चुनाव प्रचार में भाग न लेने तथा किसी भी प्रकार का उत्सव न मनाने का आह्वान किया था। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने भले ही प्रचार में भाग नहीं लिया हो, फिर भी महायुति सरकार द्वारा जनहित में मजबूती से किए गए विकास कार्यों के कारण मतदाताओं ने भाजपा-महायुति के पक्ष में भरपूर मतदान किया—इसके लिएचव्हाण ने मतदाताओं का आभार व्यक्त किया।

रविंद्र चव्हाण ने कहा कि जहाँ एक ओर विपक्ष लगातार नकारात्मक राजनीति कर रहा था, वहीं भाजपा ने जनहित को केंद्र में रखकर विकास की राजनीति की, इसलिए मतदाताओं ने महायुति का साथ दिया। ग्रामीण महाराष्ट्र को और अधिक सशक्त बनाने के लिए भाजपा प्रतिबद्ध रहेगी।


RELATED POST

Leave a reply
Click to reload image
Click on the image to reload
Advertisement









Advertisement