गुवाहाटी, 10 फरवरी । भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के आधिकारिक 'एक्स' (पूर्व ट्विटर) हैंडल पर मुख्यमंत्री द्वारा अल्पसंख्यक लोगों को निशाना बनाकर गोली चलाने वाला जो एआई वीडियो पोस्ट किया गया था, उसके खिलाफ आज राजधानी के दिसपुर थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई है।
कांग्रेस विधायक दिगंत बर्मन और शिवमणि बोरा के हस्ताक्षर के साथ दिसपुर थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई गई है। उस समय विधायकों के साथ असम प्रदेश कांग्रेस समिति के मीडिया विभाग के अध्यक्ष बेदब्रत बोरा और राज्य समन्वयक गोपाल शर्मा मौजूद थे।
प्राथमिकी दर्ज होने के बाद असम प्रदेश कांग्रेस समिति ने मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्व सरमा की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की है। उल्लेखनीय है कि इसी मामले में एआईएमआईएम के प्रमुख एवं सांसद असदुदीन ओवैसी ने भी हैदराबाद में मुख्यमंत्री डॉ. सरमा के विरूद्ध एक प्राथमिकी दर्ज कराई है।
बताया गया है कि असम प्रदेश भाजपा द्वारा जो एआई जेनरेटेड वीडियो एक्स पर शेयर किया गया था, उसे बाद में डीलिट कर दिया गया था। इसके बावजूद विपक्षी पार्टियां राज्य में होने जा रहे विधानसभा चुनावों के मद्देनजर इसे बड़ा मुद्दा बनाने की कोशिश कर रही हैं।
