सागर को मिलेगी शिक्षा की बड़ी सौगात, 11 मार्च को मुख्यमंत्री करेंगे ज्ञानवीर यूनिवर्सिटी का उद्घाटन | The Voice TV

Quote :

"छोटा सा बदलाव ही जिंदगी की एक बड़ी कामयाबी का हिस्सा होता है"।

National

सागर को मिलेगी शिक्षा की बड़ी सौगात, 11 मार्च को मुख्यमंत्री करेंगे ज्ञानवीर यूनिवर्सिटी का उद्घाटन

Date : 09-Mar-2026

 सागर, 09 मार्च । मध्य प्रदेश के बुंदेलखंड की हृदयस्थली सागर के लिए 11 मार्च का दिन ऐतिहासिक होने जा रहा है। जिले में उच्च शिक्षा और कौशल विकास को नई ऊंचाइयां देने के लिए ज्ञानवीर यूनिवर्सिटी का भव्य उद्घाटन होने जा रहा है।

इस गरिमामय समारोह के मुख्य अतिथि मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव होंगे। कार्यक्रम में प्रदेश के उपमुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल और उच्च शिक्षा मंत्री इंदर सिंह परमार भी विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल होकर इस शैक्षणिक संस्थान का शुभारंभ करेंगे। मुख्यमंत्री के आगमन और कार्यक्रम की भव्यता को देखते हुए सुरखी विधानसभा क्षेत्र सहित पूरे आयोजन स्थल पर तैयारियां युद्ध स्तर पर जारी हैं।

खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री गोविंद सिंह राजपूत ने सोमवार को जिला पंचायत अध्यक्ष हीरा सिंह राजपूत और प्रशासनिक अधिकारियों के साथ कार्यक्रम स्थल का सूक्ष्म निरीक्षण किया। इस अवसर पर मंत्री गोविंद सिंह राजपूत ने कहा कि "ज्ञानवीर यूनिवर्सिटी सागर और आसपास के क्षेत्रों के विद्यार्थियों के लिए वरदान साबित होगी। अब हमारे युवाओं को उच्च शिक्षा के लिए महानगरों की ओर पलायन नहीं करना पड़ेगा। उन्हें आधुनिक और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा यहीं मिलेगी।"

यूनिवर्सिटी के उद्घाटन के साथ ही मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव भव्य रोजगार मेले का भी शुभारंभ करेंगे। इस पहल का उद्देश्य केवल शिक्षा प्रदान करना ही नहीं, बल्कि प्रतिवर्ष प्लेसमेंट के माध्यम से युवाओं को आत्मनिर्भर बनाना और रोजगार के सुनहरे अवसर उपलब्ध कराना है। निरीक्षण के दौरान ज्ञानवीर यूनिवर्सिटी के कुलाधिपति आदित्य सिंह राजपूत ने आयोजन की विस्तृत रूपरेखा साझा की। इस अवसर पर एसडीएम अमन मिश्रा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक लोकेश सिन्हा, तहसीलदार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। प्रशासन द्वारा सभी तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है ताकि उद्घाटन समारोह सफलतापूर्वक संपन्न हो सके।


RELATED POST

Leave a reply
Click to reload image
Click on the image to reload









Advertisement