नई दिल्ली, 09 मार्च । अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के उपलक्ष्य में किसान ट्रस्ट ने ‘अपराजिता सम्मान समारोह’ में विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाली महिलाओं को सम्मानित किया। कार्यक्रम में केंद्रीय महिला एवं बाल विकास मंत्री अन्नपूर्णा देवी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुईं।
अन्नपूर्णा देवी ने सम्मानित महिलाओं को बधाई देते हुए कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री चौधरी चरण सिंह द्वारा स्थापित किसान ट्रस्ट का महिलाओं, विशेष रूप से एसिड हमले के पीड़ितों को आर्थिक सहयोग और हौसला देना प्रेरणादायक पहल है। उन्होंने इस अवसर पर केंद्र सरकार की महिला सशक्तीकरण से जुड़ी विभिन्न योजनाओं की जानकारी भी दी।
कार्यक्रम की आयोजक और किसान ट्रस्ट की ट्रस्टी चारू चौधरी ने कहा कि यह आयोजन उन महिलाओं को सम्मान देने का प्रयास है, जो चुनौतियों के बावजूद अपने सपनों को साकार करने और समाज के लिए नई राह बनाने में जुटी हैं। महिलाओं को सम्मान, अवसर और संसाधन मिलने से समाज और देश का भविष्य मजबूत होता है।
समारोह के दौरान ‘रोजगार के माध्यम से सशक्तीकरण’ विषय पर पैनल चर्चा भी आयोजित की गई। इसमें नीति आयोग की प्रिंसिपल इकोनॉमिक एडवाइज़र एना रॉय, यूएन विमेन इंडिया की कांता सिंह, बैंकिंग और फिनटेक विशेषज्ञ शिंजिनी कुमार तथा पूर्व दूरदर्शन समाचार एंकर सलमा सुल्तान ने भाग लिया। चर्चा का संचालन यूपी राज्य महिला आयोग की सदस्य मनीषा अहलावत ने किया। वक्ताओं ने महिला शिक्षा, रोजगार के अवसर और परिवार की जिम्मेदारियों के बीच संतुलन जैसे विषयों पर विचार रखे।
कार्यक्रम में ‘मिलेट मॉम’ के नाम से प्रसिद्ध उद्यमी पूजा शर्मा ने महिला उद्यमिता और पोषण के क्षेत्र में अपने अनुभव साझा किए। इस अवसर पर शास्त्रीय गायिका और हाल ही में पद्मश्री से सम्मानित प्रो. मंगला कपूर को भी विशेष रूप से सम्मानित किया गया। उन्होंने तेजाब हमले के बाद संघर्ष करते हुए संगीत के क्षेत्र में सफलता हासिल करने की अपनी प्रेरक कहानी सुनाई।
उल्लेखनीय है कि किसान ट्रस्ट की स्थापना पूर्व प्रधानमंत्री चौधरी चरण सिंह ने की थी। यह संगठन लंबे समय से किसानों और महिलाओं के सशक्तीकरण के लिए कार्य कर रहा है तथा सामाजिक उत्तरदायित्व के तहत एसिड अटैक सर्वाइवर्स के पुनर्वास में भी सहयोग देता रहा है।
