सिलीगुड़ी, 25 मार्च । सिलीगुड़ी में एक नाबालिग लड़की की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत के मामले ने अब सियासी तूल पकड़ लिया है। घटना के 48 घंटे बीतने के बावजूद अब तक किसी आरोपित की गिरफ्तारी नहीं होने से विपक्ष ने राज्य सरकार और पुलिस की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े किए है।
भाजपा नेता और सिलीगुड़ी के उम्मीदवार शंकर घोष इस मुद्दे को लेकर धरना पर बैठे हुए है।
उल्लेखनीय है कि सोमवार को सिलीगुड़ी नगर निगम के वार्ड नंबर एक में नाबालिग असामान्य मौत से इलाके में सनसनी फैल गई थी। आरोप है कि उसी इलाके के आमिर अली के साथ उसका लंबे समय से संबंध था। परिवार का दावा है कि शादी का प्रस्ताव रखने पर युवक ने बात टाल दी, जिसके बाद ही नाबालिग का फंदे से लटका हुआ पाया गया।
शंकर घोष ने धरना के दूसरे दिन यानी बुधवार को आरोप लगाते हुए कहा कि इस मामले में देरी से साफ संकेत मिलता है कि आरोपितों को किसी प्रभावशाली राजनीतिक संरक्षण मिल रहा है।
शंकर घोष ने कहा कि अगर तय समय सीमा के भीतर आरोपितों की गिरफ्तारी नहीं होती है, तो आंदोलन को और बड़ा रूप दिया जाएगा। साथ ही उन्होंने आम लोगों से ‘जस्टिस फॉर’ अभियान में शामिल होने की अपील की है।
राज्य की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर भी उन्होंने निशाना साधा है।उन्होंने आरोप लगाया है कि चुनावी व्यस्तता के बीच उन्होंने (मुख्यमंत्री) इस गंभीर घटना पर अब तक कोई प्रतिक्रिया नहीं दी है।
घटना के बाद पूरे शहर में तनाव का माहौल है और लोगों के बीच न्याय की मांग तेज होती जा रही है। प्रशासन पर दबाव बढ़ता जा रहा है कि जल्द से जल्द आरोपितों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया जाए।
