झाबुआ: नव संवत्सर में पत्रकारो ने समारोह पूर्वक मनाया वार्षिकोत्सव | The Voice TV

Quote :

“स्वयं जैसे हो वैसे ही रहो; बाकी सब तो पहले से ही कोई और बन चुके हैं।” ― ऑस्कर वाइल्ड

National

झाबुआ: नव संवत्सर में पत्रकारो ने समारोह पूर्वक मनाया वार्षिकोत्सव

Date : 25-Mar-2026

 झाबुआ, 25 मार्च। नव संवत्सर हिंदू नववर्ष के मौके पर मध्य प्रदेश के जनजातीय बाहुल्य झाबुआ जिले के थान्दला स्थित श्री अंबिकेश्वर महादेव मंदिर सभागार में मंगलवार देर शाम स्थानीय पत्रकारों द्वारा समारोह पूर्वक वार्षिकोत्सव आयोजित किया गया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जिला पत्रकार संघ के पूर्व अध्यक्ष ओमप्रकाश भट्ट, विशेष अतिथि जिला बाल कल्याण समिति के निवृत्त अध्यक्ष अशोक अरोड़ा एवं ट्रायबल वैलफेयर टीचर्स एसोसिएशन के जिला संयोजक जसवंत डामोर थे। कार्यक्रम की अध्यक्षता हिंदुस्थान समाचार बहुभाषी न्यूज एजेंसी के झाबुआ संवाददाता द्वारा की गई।

समारोह में शामिल हुए हिंदू महासभा के संभागीय संयोजक एवं पत्रकार निरंजन भारद्वाज शर्मा, धीरज वाघेला एवं गोपाल प्रजापति द्वारा अतिथियों का अभिनंदन करते हुए उन्हें स्मृति चिन्ह भेंट किए गए। कार्यक्रम के आरंभ में भारतीय संस्कृति की परंपरा अनुसार देवी सरस्वती की स्तुति की गई, एवं देर रात समापन के अवसर पर राष्ट्रगान गाया गया, एवं मौन रहकर ईरान इराक युद्ध में मारे गए लोगों की आत्मशांति हेतु ईश्वर से प्रार्थना करते हुए शांति स्थापित होने की प्रार्थना की गई।

आयोजित कार्यक्रम में वरिष्ठ पत्रकारो द्वारा अपने उद्बोधन में इस बात को रैखांकित किया गया कि आज से दो दशक पूर्व तक समाचारों का संकलन एवं प्रेषण चुनौती पूर्ण कार्य था, किंतु आज इंटरनेट के इस युग में समाचारों का संकलन, प्रेषण आसान हो गया है। इन सुविधाओं का लाभ उठाते हुए पत्रकार गण जनहित में कार्य करने हेतु अपनी भूमिका का पूरी ईमानदारी एवं निष्ठा पूर्वक पालन करते हुए जन समस्याओ को उठाए। कार्यक्रम में पत्रकारों की समस्यायों के संदर्भ में बातचीत कर समाधान भी सुझाए गए। कार्यक्रम का संचालन मनोज उपाध्याय द्वारा किया गया।


RELATED POST

Leave a reply
Click to reload image
Click on the image to reload
Advertisement









Advertisement