मंत्री जावेद राणा से विभिन्न जिलों के प्रतिनिधिमंडलों की मुलाकात, विकास से जुड़े मुद्दे उठाए | The Voice TV

Quote :

“स्वयं जैसे हो वैसे ही रहो; बाकी सब तो पहले से ही कोई और बन चुके हैं।” ― ऑस्कर वाइल्ड

National

मंत्री जावेद राणा से विभिन्न जिलों के प्रतिनिधिमंडलों की मुलाकात, विकास से जुड़े मुद्दे उठाए

Date : 25-Mar-2026

 जम्मू, 25 मार्च । जम्मू-कश्मीर के जल शक्ति, वन, पर्यावरण एवं जनजातीय मामलों के मंत्री जावेद अहमद राणा से बुधवार को जम्मू संभाग के विभिन्न क्षेत्रों से आए प्रतिनिधिमंडलों ने मुलाकात कर स्थानीय समस्याओं और विकास से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाया।

आरएस पुरा से आए एक प्रतिनिधिमंडल ने, जिसकी अगुवाई जिला अध्यक्ष (ग्रामीण) एनसी नरेश चैधरी कर रहे थे, क्षेत्र में बुनियादी ढांचे और आवश्यक जनसेवाओं से जुड़ी समस्याओं को मंत्री के समक्ष रखा। उन्होंने लंबित नागरिक समस्याओं के शीघ्र समाधान की मांग की। वहीं उधमपुर से आए प्रतिनिधिमंडल, जिसका नेतृत्व ओबीसी सेल जेके एनसी के अध्यक्ष अब्दुल गनी तेली और पूर्व डीडीसी सदस्य शमीम बेगम ने किया, ने कासिम नगर, राजीव नगर और आसपास के क्षेत्रों में पेयजल की कमी का मुद्दा उठाया। इसके अलावा वन विभाग से जुड़े मामलों और सड़क संपर्क में सुधार की जरूरत पर भी जोर दिया गया।

कठुआ से आए प्रतिनिधिमंडल, जिसकी अगुवाई तालीब चैधरी ने की, ने बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों की सुरक्षा के लिए फ्लड प्रोटेक्शन उपायों को मजबूत करने की मांग की। इसी तरह सांबा-मंसार क्षेत्र से हाजी फरीद के नेतृत्व में पहुंचे प्रतिनिधिमंडल ने मंसार क्षेत्र में ईको-टूरिज्म की संभावनाओं को विकसित करने पर जोर दिया, जिससे स्थानीय अर्थव्यवस्था को बढ़ावा मिल सके। मंत्री जावेद राणा ने सभी प्रतिनिधिमंडलों की समस्याओं को गंभीरता से सुना और आश्वासन दिया कि जनहित से जुड़े सभी मुद्दों का प्राथमिकता के आधार पर समाधान किया जाएगा। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को मौके पर ही निर्देश देते हुए समस्याओं के शीघ्र और प्रभावी निस्तारण के लिए कहा।

मंत्री ने कहा कि सरकार समावेशी और संतुलित विकास के लिए प्रतिबद्ध है तथा जमीनी स्तर की समस्याओं का समाधान सर्वोच्च प्राथमिकता है।


RELATED POST

Leave a reply
Click to reload image
Click on the image to reload
Advertisement









Advertisement