भूमिहीन कृषि मजदूरों को बड़ी सौगात: जिले में 21 हजार से अधिक हितग्राही लाभान्वित | The Voice TV

Quote :

“स्वयं जैसे हो वैसे ही रहो; बाकी सब तो पहले से ही कोई और बन चुके हैं।” ― ऑस्कर वाइल्ड

National

भूमिहीन कृषि मजदूरों को बड़ी सौगात: जिले में 21 हजार से अधिक हितग्राही लाभान्वित

Date : 25-Mar-2026

 जांजगीर-चांपा, 25 मार्च । जिले में दीनदयाल उपाध्याय भूमिहीन कृषि मजदूर कल्याण योजना के तहत आयोजित जिला स्तरीय कार्यक्रम के दौरान 21,135 हितग्राहियों के बैंक खातों में डीबीटी के माध्यम से कुल 211.35 लाख रुपये की राशि अंतरित की गई।

जिला मुख्यालय के ऑडिटोरियम भवन में हुए इस कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों एवं बड़ी संख्या में भूमिहीन कृषि मजदूरों की उपस्थिति रही। कार्यक्रम में उपस्थित सभी लोगों ने वर्चुअल माध्यम से मुख्यमंत्री का संबोधन सुना।

इस अवसर पर पूर्व नेता प्रतिपक्ष नारायण चंदेल ने कहा कि, प्रदेश कृषि प्रधान है और यहां की अर्थव्यवस्था खेती पर आधारित है। ऐसे में भूमिहीन कृषि मजदूरों का योगदान अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि यह योजना इन मजदूरों के लिए आर्थिक सुरक्षा का मजबूत आधार बनेगी और कठिन समय में सहारा प्रदान करेगी।

जिला पंचायत अध्यक्ष सत्यलता आनंद मिरी ने कहा कि इस योजना के माध्यम से समाज के अंतिम व्यक्ति को सशक्त बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। उन्होंने कहा कि जब गांव का मजदूर मजबूत होगा, तभी गांव, प्रदेश और देश का समग्र विकास संभव हो सकेगा। राज्य सरकार सभी वर्गों के विकास के लिए प्रतिबद्ध है और यह योजना उसी सोच का परिणाम है।

कार्यक्रम के दौरान अतिथियों द्वारा हितग्राहियों को प्रमाण पत्र प्रदान कर सम्मानित भी किया गया।

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने जांजगीर-चांपा जिले के ग्राम पेंड्री निवासी हितग्राही राजेंद्र कुमार श्रीवास से वर्चुअल संवाद भी किया। उन्होंने हितग्राही को राशि प्राप्त होने पर बधाई दी। श्री श्रीवास ने बताया कि योजना से मिली सहायता राशि उनके लिए काफी उपयोगी साबित हो रही है और वे इसका उपयोग अपने पारंपरिक व्यवसाय सैलून को आगे बढ़ाने में कर रहे हैं, जिससे उनकी आय में वृद्धि होगी और परिवार की आर्थिक स्थिति मजबूत होगी।

इस अवसर पर कलेक्टर जन्मेजय महोबे, जिला पंचायत सीईओ गोकुल रावटे, अपर कलेक्टर ज्ञानेंद्र सिंह ठाकुर, विवेका गोपाल, आशुतोष गोस्वामी सहित अन्य अधिकारी एवं बड़ी संख्या में हितग्राही उपस्थित रहे।


RELATED POST

Leave a reply
Click to reload image
Click on the image to reload
Advertisement









Advertisement