हिमाचल के ऊंचे इलाकों में हल्की बर्फबारी, 28 और 29 मार्च को गरज-आंधी का येलो अलर्ट | The Voice TV

Quote :

“स्वयं जैसे हो वैसे ही रहो; बाकी सब तो पहले से ही कोई और बन चुके हैं।” ― ऑस्कर वाइल्ड

National

हिमाचल के ऊंचे इलाकों में हल्की बर्फबारी, 28 और 29 मार्च को गरज-आंधी का येलो अलर्ट

Date : 26-Mar-2026

 शिमला, 26 मार्च । हिमाचल प्रदेश के ऊंचाई वाले इलाकों में मौसम ने एक बार फिर करवट ली है। लाहौल-स्पीति जिले के गोंदला क्षेत्र में बीती रात करीब 1 सेंटीमीटर ताजा बर्फबारी दर्ज की गई है। किन्नौर और कुल्लू जिलों की चोटियों पर भी बर्फ गिरी। मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश के पर्वतीय क्षेत्रों में आज और कल भी हल्की वर्षा और बर्फबारी की संभावना बनी हुई है, जबकि 28 और 29 मार्च को पूरे प्रदेश में मौसम के तेवर और ज्यादा खराब रहने के आसार हैं।

राज्य के कई हिस्सों में आज मिला-जुला मौसम बना हुआ है। कुछ क्षेत्रों में बादल छाए हुए हैं तो कई जगह धूप भी खिली है। विभाग ने कहा है कि ऊंचे इलाकों में बादलों की आवाजाही जारी रहेगी और कहीं-कहीं हल्की बारिश या बर्फबारी हो सकती है। इससे तापमान में ज्यादा बढ़ोतरी नहीं हो रही है और ठंड का असर अभी भी महसूस किया जा रहा है।

मौसम विभाग के अनुसार 28 और 29 मार्च को पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय रहेगा। इसके प्रभाव से पहाड़ों पर बर्फबारी और निचले तथा मध्य क्षेत्रों में गरज के साथ बारिश होने की संभावना है। विभाग ने इन दो दिनों के लिए कुछ स्थानों पर आंधी और बिजली गिरने को लेकर येलो अलर्ट जारी किया है। 28 मार्च को आंधी की रफ्तार 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे और 29 मार्च को 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने का अनुमान है।

विभाग ने यह भी बताया है कि 30 और 31 मार्च तथा एक अप्रैल को भी प्रदेश में मौसम खराब बना रह सकता है, हालांकि इन दिनों के लिए किसी तरह का अलर्ट जारी नहीं किया गया है। इसके बावजूद लोगों को बदलते मौसम के बीच सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।

इस बीच, मार्च का महीना खत्म होने के करीब है, लेकिन प्रदेश में ठंड का असर अभी भी बना हुआ है। प्रदेश के पहाड़ी इलाकों में लोग अभी भी गर्म कपड़ों में नजर आ रहे हैं और मैदानी क्षेत्रों में भी गर्मी का असर पूरी तरह से शुरू नहीं हुआ है।

जनजातीय क्षेत्रों में तापमान शून्य के करीब बना हुआ है। वहीं शिमला में आज न्यूनतम तापमान 10.8 डिग्री, मनाली में 9.5 डिग्री, धर्मशाला में 6.8 डिग्री, ऊना में 14.6 डिग्री, नाहन में 13.1 डिग्री और सोलन में 11.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है।

इसके अलावा कांगड़ा में 17.1 डिग्री, मंडी में 15.5 डिग्री, बिलासपुर में 16.0 डिग्री, कसौली में 13.0 डिग्री, कुफरी में 7.5 डिग्री, कुकुमसेरी में 1.8 डिग्री और ताबो में 3.7 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया है।


RELATED POST

Leave a reply
Click to reload image
Click on the image to reload
Advertisement









Advertisement