मानवाधिकार आयोग ने आंध्र प्रदेश में 16 लोगों की मौत के मामले का लिया संज्ञान, तलब की रिपोर्ट | The Voice TV

Quote :

“स्वयं जैसे हो वैसे ही रहो; बाकी सब तो पहले से ही कोई और बन चुके हैं।” ― ऑस्कर वाइल्ड

National

मानवाधिकार आयोग ने आंध्र प्रदेश में 16 लोगों की मौत के मामले का लिया संज्ञान, तलब की रिपोर्ट

Date : 26-Mar-2026

 नई दिल्ली, 26 मार्च । राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग (एनएचआरसी) ने आंध्र प्रदेश के पूर्वी गोदावरी जिले में कथित तौर पर मिलावटी दूध पीने से 16 लोगों की मौत के मामले का स्वतः संज्ञान लिया है। आयोग ने इस मामले को मानवाधिकार का गंभीर उल्लंघन मानते हुए राज्य के मुख्य सचिव और पुलिस महानिदेशक को नोटिस जारी कर दो सप्ताह के भीतर विस्तृत रिपोर्ट तलब की है।

आयोग ने दोनों अधिकारियों से रिपोर्ट में मृतकों की स्वास्थ्य स्थिति, जांच की प्रगति और पीड़ित परिवारों को दिए गए मुआवजे की जानकारी भी शामिल करने को कहा है।

मीडिया रिपोर्ट के अनुसार दूध में एथिलीन ग्लाइकॉल जैसे जहरीले रसायन की मिलावट की आशंका जताई गई थी। इस विषैले पदार्थ के कारण पीड़ितों के शरीर के कई अंगों ने काम करना बंद कर दिया, जिससे मौतें हुईं। वहीं कम से कम चार अन्य लोगों का इलाज अभी भी जारी है। यह घटना जिले के लालाचेरुवु, चौदेश्वरनगर और स्वरूपनगर इलाकों की है, जहां फरवरी के मध्य से लोग रहस्यमयी बीमारी का शिकार हो रहे थे।

प्रारंभिक जानकारी में नरसापुरम गांव स्थित एक डेयरी को मिलावट का संभावित स्रोत बताया गया है, जो आसपास के 100 से अधिक घरों में दूध की आपूर्ति करती थी। उल्लेखनीय है कि प्रभावित लोगों में ज्यादातर बुजुर्ग और छोटे बच्चे हैं। पीड़ितों में पेट दर्द, उल्टी, पेशाब न आना और किडनी फेल होने जैसे गंभीर लक्षण देखे गए थे।


RELATED POST

Leave a reply
Click to reload image
Click on the image to reload
Advertisement









Advertisement