मणिपुर के अलग-अलग हिस्सों से आठ उग्रवादी गिरफ्तार | The Voice TV

Quote :

“स्वयं जैसे हो वैसे ही रहो; बाकी सब तो पहले से ही कोई और बन चुके हैं।” ― ऑस्कर वाइल्ड

National

मणिपुर के अलग-अलग हिस्सों से आठ उग्रवादी गिरफ्तार

Date : 28-Mar-2026

 इंफाल, 28 मार्च । मणिपुर में प्रतिबंधित संगठनों के विरूद्ध जारी अभियानों में सुरक्षा बलों को लगातार सफलता मिल रही है। मणिपुर पुलिस मुख्यालय द्वारा आज दी गयी आधिकारिक सूचना के अनुसार राज्य के अलग-अलग हिस्सों में बीते 24 घंटे के दौरान विभिन्न प्रतिबंधित संगठनों के कुल आठ कैडरों को गिरफ्तार किया गया है।

पहले अभियान में सुरक्षा बलों ने शुक्रवार को प्रतिबंधित संगठन यूएनएलएफ (पी) के एक सक्रिय कैडर थोंगबम प्रेमजीत सिंह (49) को गिरफ्तार किया गया है। वह पश्चिम इंफाल जिले के थांगमेइबंद काबराबम लेइकाई का रहने वाला है। उसे उसके घर से गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपित 2022 की शुरुआत में सगोलबंद ताखेलंबम लेइकाई में हुए एक बम धमाके के संबंध में इंफाल थाने में दर्ज एक प्राथमिकी के मामले में आरोपित है। उसके पास से एक मोबाइल फोन और एक आधार कार्ड जब्त किया गया।

दूसरे अभियान में इसी सुरक्षा बलों ने प्रतिबंधित संगठन आरपीएफ/पीएलए के एक सक्रिय कैडर चिंगाखाम नोंगपोकंगनबा मैतेई (21) को, जो इंफाल पूर्व जिले के लामलाई थानांतर्गत ताखेल अवांग लेइकाई का रहने वाला है, को उसके इलाके से गिरफ्तार किया गया। उसके पास से एक मोबाइल फोन जब्त किया गया।

तीसरे अभियान में सुरक्षा बलों ने तेंगनौपाल जिले के मोरेह थानांतर्गत अंतरराष्ट्रीय सीमा पोस्ट 73 और 74 के बीच से प्रतिबंधित संगठन केसीपी और केवाईकेएल के एक-एक कैडरों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार कैडरों की पहचान केसीपी कैडर अंगोम लेम्बा मैतेई उर्फ लिकलाईंगम्बा (26) के रूप में की गयी है। वह, इंफाल पूर्व जिला के टॉप मोइरांग काम्पू का निवासी बताया गया है। उसकी केवाईकेएल कैडर युमनाम बोनी मैतेई उर्फ यैताम्बा (42) के रूप में पहचान हुई है। वह इंफाल पश्चिम जिला के काचिखुन का निवासी है।

इसी कड़ी में बीते गुरुवार को सुरक्षा बलों ने तेंगनौपाल जिले के मोरेह थानांतर्गत अंतरराष्ट्रीय सीमा पोस्ट 78 और 79 के बीच से प्रतिबंधित संगठन पीएलए के एक सक्रिय सदस्य को गिरफ्तार किया। कैडर की पहचान काकचिंग जिला के काकचिंग खुनौ निवासी चोंगथम नानाव सिंह उर्फ खुनौ (29) के रूप में की गयी है।

वहीं गुरुवार को ही सुरक्षा बलों ने इंफाल पूर्व जिले के विभिन्न इलाकों से प्रतिबंधित संगठन पीएलए/आरपीएफ के तीन कैडरों को गिरफ्तार किया। इन पर इंफाल इलाकों में व्यापारियों को निशाना बनाकर आईईडी धमाकों की योजना बनाने में शामिल होने का आरोप है। गिरफ्तार किए गए कैडरों की पहचान फंजौबम रबी मैतेई उर्फ लुवांगम्बा (28), मो. रुवाज आरिफ उर्फ बाबूल (23), मो. अब्दुल हकीम उर्फ इनाओचा (35) के रूप में की गयी है। इनके पास से तीन आईईडी, लगभग 2.47 किग्रा टीएनटी, दो डेटोनेटर, दो टाइमर, तीन मोबाइल फ़ोन आदि बरामद किया गया है।


RELATED POST

Leave a reply
Click to reload image
Click on the image to reload
Advertisement









Advertisement