सीवान, 22 अप्रैल । जिले में विधि-व्यवस्था को और मजबूत बनाने के लिए प्रशासन पूरी तरह सक्रिय नजर आ रहा है। राज्य सरकार के निर्देश पर मंगलवार देर रात सीवान के जिला पदाधिकारी विवेक रंजन मैत्रेय एवं पुलिस अधीक्षक पुरन कुमार झा संयुक्त रूप से सड़कों पर उतरे और विभिन्न संवेदनशील स्थानों पर विशेष वाहन चेकिंग अभियान का नेतृत्व किया।
इस दौरान शहर और आसपास के इलाकों में सघन जांच अभियान चलाया गया, जिसमें संदिग्ध वाहनों और व्यक्तियों की गहन तलाशी ली गई।
प्रशासन की इस कार्रवाई से असामाजिक तत्वों में हड़कंप मच गया।
जिला पदाधिकारी विवेक रंजन मैत्रेय ने बताया कि आम लोगों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए दिन-रात लगातार गश्ती की जा रही है। किसी भी तरह के आपराधिक गतिविधियों को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और दोषियों के खिलाफ तत्काल सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
वहीं, पुलिस अधीक्षक पुरन कुमार झा ने कहा कि आगे भी इसी तरह का सघन चेकिंग अभियान जारी रहेगा, ताकि जिले में कानून-व्यवस्था कायम रहे और आम जनता में सुरक्षा का भरोसा और मजबूत हो सके।
प्रशासन की इस पहल से लोगों में सुरक्षा को लेकर विश्वास बढ़ा है और अपराधियों पर नकेल कसने में मदद मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।
