सोनीपत, 22 अप्रैल। हरियाणा
खेल विश्वविद्यालय राई का तृतीय स्थापना दिवस उत्साह और उमंग के साथ मनाया गया। दिन
भर आयोजित कार्यक्रमों में खेल प्रतियोगिताएं और हवन प्रमुख रहे। बुधवार को एथलेटिक्स
मीट का आयोजन किया गया, जिसमें विश्वविद्यालय के सभी छात्रावासों के खिलाड़ियों ने
प्रतिभागिता की। कुलपति अशोक कुमार ने विजेताओं को पुरस्कृत किया।
विश्वविद्यालय
के कुलपति अशोक कुमार ने कहा कि यह एथलेटिक्स प्रतियोगिता वर्ष का सबसे उत्साहपूर्ण
आयोजन रहा, जिसमें विद्यार्थियों ने मैदान पर अदम्य साहस और दृढ़ संकल्प का परिचय दिया।
सभी प्रतिभागियों एवं आयोजकों को सफल आयोजन के लिए विद्यार्थियों का खेलों के साथ-साथ
अनुशासन, नेतृत्व और टीमवर्क आद गुणों को आत्मसात करने से सफल व्यक्तित्व बनेगा।
एथलेटिक्स
प्रतियोगिताओं में 100 मीटर, 400 मीटर, 1500 मीटर दौड़, 100×4 मीटर रिले, 400×4 मीटर
रिले, लंबी कूद और गोला फेंक शामिल रहे। पुरुष और महिला दोनों वर्गों में खिलाड़ियों
ने शानदार प्रदर्शन किया। समापन पर कुल अंकों में कामेत हाउस और नंदा देवी हाउस बराबरी
पर रहे, लेकिन अधिक स्वर्ण पदक जीतने के आधार पर कामेत हाउस को प्रथम स्थान मिला। नंदा
देवी हाउस दूसरे, एवरेस्ट हाउस तीसरे और कंचनजंगा हाउस चौथे स्थान पर रहा।
व्यक्तिगत
प्रदर्शन में पीजी डिप्लोमा स्ट्रेंथ एंड कंडीशनिंग की छात्रा तनु यादव ने तीन स्वर्ण
और एक कांस्य पदक जीतकर सर्वश्रेष्ठ महिला खिलाड़ी का खिताब हासिल किया। बीएससी द्वितीय
सेमेस्टर के छात्र आलोक यादव ने तीन स्वर्ण और एक रजत पदक जीतकर सर्वश्रेष्ठ पुरुष
खिलाड़ी बने। विजेता खिलाड़ियों को पदक देकर सम्मानित किया गया।
मुख्य
अतिथि अर्जुन पुरस्कार विजेता यशपाल सोलंकी ने कहा कि इंट्राम्यूरल खेल संस्कृति खिलाड़ियों
को मंच देती है और प्रबंधन सीखने का अवसर भी प्रदान करती है। विश्वविद्यालय परिसर में
हवन हुआ, जिसमें रजिस्ट्रार जसविंदर सिंह, डीन फिजिकल एजुकेशन एंड स्पोर्ट्स योगेश
चंदर, डीन स्पोर्ट्स साइंस विवेक कुमार सिंह, सीनियर कंसल्टेंट स्पोर्ट्स राजेंद्र
प्रसाद गर्ग, वित्त अधिकारी नीलम कौशिक सहित शिक्षक, कोचिंग स्टाफ और विद्यार्थी मौजूद
रहे। हवन के माध्यम से संस्थान की निरंतर प्रगति और समृद्धि की कामना की गई।
