रांची, 22 अप्रैल। झारखंड इन दिनों प्रचंड गर्मी की चपेट में है। राज्य के कई जिलों में तापमान लगातार बढ़ रहा है, जिससे जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हो रहा है। हालात ऐसे हैं कि पांच जिलों में अधिकतम तापमान 42 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया है, जिससे लोगों के लिए दिन में बाहर निकलना मुश्किल हो गया है और लू का खतरा बढ़ गया है।
सबसे अधिक तापमान डाल्टनगंज में 43.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसके अलावा जमशेदपुर में 42.4 डिग्री, बोकारो में 42.1 डिग्री, चाईबासा में 42.4 डिग्री और सरायकेला में भी 42.4 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया। इन जिलों में तेज धूप और गर्म हवाओं के कारण लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
हालांकि, राजधानी रांची में तापमान में थोड़ी गिरावट देखी गई है। यहां अधिकतम तापमान 40 डिग्री से घटकर 38.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जिससे लोगों को आंशिक राहत मिली है। वहीं, राज्य का सबसे ठंडा जिला लातेहार रहा, जहां अधिकतम तापमान 34.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
मौसम विभाग ने आगामी दिनों को लेकर चेतावनी जारी की है। विभाग के अनुसार 23 से 26 अप्रैल के बीच राज्य के उत्तर-पूर्वी जिलों—देवघर, दुमका, पाकुड़, जामताड़ा, गोड्डा, गिरिडीह और साहिबगंज में गरज-चमक के साथ बारिश, वज्रपात और 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। इसे लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है।
पिछले 24 घंटों के आंकड़ों के अनुसार, सबसे अधिक तापमान डाल्टनगंज में 43.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि सबसे कम तापमान गुमला में 17.7 डिग्री सेल्सियस रहा।
बुधवार को रांची और आसपास के इलाकों में सुबह से ही मौसम साफ रहा और दिनभर तेज धूप के कारण गर्मी का असर बना रहा। रांची में अधिकतम तापमान 38.6 डिग्री और न्यूनतम 22.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं जमशेदपुर में अधिकतम 42.4 और न्यूनतम 25.6 डिग्री, डाल्टनगंज में 43.4 और 23.3 डिग्री, बोकारो में 42.1 और 22.1 डिग्री तथा चाईबासा में अधिकतम 42.4 और न्यूनतम 25.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
मौसम विभाग ने लोगों को सलाह दी है कि वे तेज धूप में बाहर निकलने से बचें, पर्याप्त पानी पिएं और लू से बचाव के उपाय अपनाएं।
