फतेहाबाद, 22 अप्रैल। संसद में महिला आरक्षण बिल का विरोध किए जाने के मुद्दे पर भारतीय जनता पार्टी महिला मोर्चा और युवा मोर्चा ने बुधवार को शहर में संयुक्त रूप से प्रदर्शन करते हुए अपना कड़ा रोष जताया। फतेहाबाद में विरोध प्रदर्शन के दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी का पुतला फूंका और विपक्ष की नीतियों के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। इस प्रदर्शन का नेतृत्व भाजपा की जिला उपाध्यक्ष सविता टुटेजा, महिला मोर्चा की जिला अध्यक्ष डॉ. सुमन बजाज और युवा मोर्चा के जिला अध्यक्ष बिट्टू गुर्जर ने किया।
प्रदर्शनकारियों को संबोधित करते हुए जिला उपाध्यक्ष सविता टुटेजा ने कहा कि महिला आरक्षण बिल देश की आधी आबादी को सशक्त बनाने की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार की सराहना करते हुए कहा कि यह बिल महिलाओं को उनका वास्तविक हक दिलाने का माध्यम बनेगा। सविता टुटेजा ने विपक्ष पर तीखा हमला बोलते हुए आरोप लगाया कि कुछ राजनीतिक दल महिलाओं को केवल वोट बैंक समझते हैं और जब उन्हें अधिकार देने की बात आती है, तो वे साजिश और षड्यंत्र के तहत इसका विरोध करते हैं।
उन्होंने चेतावनी दी कि देश की जागरूक महिलाएं आने वाले समय में ऐसे दलों को करारा जवाब देंगी। महिला मोर्चा की जिला अध्यक्ष डॉ. सुमन बजाज ने भी अपने संबोधन में विपक्ष के रवैये को दुर्भाग्यपूर्ण बताया। उन्होंने कहा कि बिल के लागू होने से राजनीति में महिलाओं की भागीदारी बढ़ेगी और निर्णय लेने की प्रक्रिया में उनकी भूमिका मजबूत होगी। प्रदर्शन के दौरान महिला सम्मान का अपमान नहीं सहेगा हिंदुस्तान जैसे नारों से माहौल गरमाया रहा। कार्यकर्ताओं ने एकजुट होकर महिला आरक्षण बिल का समर्थन करते हुए विपक्ष के विरोध को महिला विरोधी मानसिकता करार दिया।
