मध्य प्रदेश में 29 मार्च से एक्टिव होगा मौसम का नया सिस्टम, 40 जिलों में तेज हवाओं के साथ बारिश का अलर्ट | The Voice TV

Quote :

“स्वयं जैसे हो वैसे ही रहो; बाकी सब तो पहले से ही कोई और बन चुके हैं।” ― ऑस्कर वाइल्ड

National

मध्य प्रदेश में 29 मार्च से एक्टिव होगा मौसम का नया सिस्टम, 40 जिलों में तेज हवाओं के साथ बारिश का अलर्ट

Date : 28-Mar-2026

 भोपाल, 28 मार्च । मध्य प्रदेश में मौसम एक बार फिर करवट लेने जा रहा है। 29 मार्च से प्रदेश में आंधी और बारिश का मजबूत सिस्टम सक्रिय होगा, जिसका असर करीब तीन दिनों तक बना रहेगा। इस दौरान भोपाल, उज्जैन, ग्वालियर और जबलपुर सहित लगभग 40 जिलों में तेज हवाओं के साथ बारिश होने की संभावना जताई गई है।

मौसम विभाग के अनुसार, इस सिस्टम के दौरान हवा की रफ्तार 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच सकती है। हालांकि 28 मार्च को प्रदेश में गर्मी का असर बना रहेगा। नर्मदापुरम में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच चुका है और लू जैसे हालात देखने को मिल रहे हैं। वहीं, शुक्रवार को साइक्लोनिक सर्कुलेशन और ट्रफ के असर से ग्वालियर, चंबल, रीवा, सागर और जबलपुर संभाग के कई जिलों में बादल छाए रहे। हालांकि यह सिस्टम आज शनिवार को कमजोर हो जाएगा, जिससे तापमान में बढ़ोतरी होगी। इसके बाद 29 मार्च से नया सिस्टम एक्टिव होगा, जिसका असर 30 और 31 मार्च को सबसे ज्यादा रहेगा।

40 जिलों में बारिश की संभावना

मौसम विभाग ने अनुमान जताया है कि 31 मार्च तक भोपाल, इंदौर, उज्जैन, ग्वालियर, चंबल और सागर संभाग के करीब 40 जिलों में बारिश हो सकती है। 29 मार्च को हल्की बूंदाबांदी के आसार हैं, जबकि 30 और 31 मार्च को तेज बारिश होने की संभावना है।

कई जिलों में बढ़ा तापमान

नर्मदापुरम में मार्च के दौरान चौथी बार लू चली है। लगातार गर्म हवाओं के कारण तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की गई। खजुराहो में 39.6 डिग्री, रतलाम और मंडला में 39.5 डिग्री, खंडवा में 39.1 डिग्री, खरगोन में 38.5 डिग्री, रायसेन में 38.4 डिग्री और सिवनी-सागर में 38.2 डिग्री तापमान रिकॉर्ड किया गया। प्रदेश के प्रमुख शहरों में जबलपुर सबसे गर्म रहा, जहां तापमान 38.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। भोपाल, इंदौर और उज्जैन में तापमान 37 डिग्री तक पहुंच गया, जबकि ग्वालियर में 36.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

मार्च में तीसरी बार बदलेगा मौसम

मार्च महीने में अब तक आंधी-बारिश के दो दौर आ चुके हैं, जिनमें 45 से अधिक जिलों में प्रभाव देखा गया और 17 जिलों में ओले भी गिरे। अब तीसरा दौर 29 मार्च से शुरू होकर 30 मार्च तक जारी रहने की संभावना है। हालांकि 27 मार्च को भी मौसम में बदलाव देखा गया था, लेकिन उसका असर सीमित रहा।


RELATED POST

Leave a reply
Click to reload image
Click on the image to reload
Advertisement









Advertisement