हरियाणा के रेवाड़ी की हाईटेक जिला जेल से दो बंदी फरार, सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल | The Voice TV

Quote :

“स्वयं जैसे हो वैसे ही रहो; बाकी सब तो पहले से ही कोई और बन चुके हैं।” ― ऑस्कर वाइल्ड

National

हरियाणा के रेवाड़ी की हाईटेक जिला जेल से दो बंदी फरार, सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल

Date : 28-Mar-2026

 रेवाड़ी (हरियाणा), 28 मार्च । रेवाड़ी की फिदेड़ी स्थित नई और हाईटेक जिला जेल से दो बंदियों के फरार हो जाने से हड़कंप मच गया है। इससे सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े हो गए। दोनों बंदी उत्तर प्रदेश के रहने वाले हैं। उन पर ऑनलाइन ठगी (साइबर धोखाधड़ी) का आरोप है।

इस संबंध में जेलकर्मी मुस्ताक अहमद की तरफ से सदर थाना में शिकायत दर्ज कराई गई है। शिकायत के अनुसार, 27 मार्च की शाम बंदियों की गिनती की गई। गिनती पूरी होने पर दो बंदी गायब मिले। जांच करने पर उनकी पहचान उत्तर प्रदेश के रामपुरा निवासी 22 वर्षीय फैजान और इटावा निवासी 21 वर्षीय जाहिद के रूप में हुई।

जेल कर्मचारी मुस्ताक के अनुसार, दोनों बंदियों को दोपहर करीब डेढ़ बजे तक जेल परिसर में देखा गया। इसके बाद दोनों अचानक लापता हो गए। जेल प्रशासन ने आसपास दोनों की तलाश की। देररात तक कोई सुराग नहीं मिलने पर पुलिस को सूचना दी गई। सदर थाना ने शिकायत के आधार पर केस दर्ज कर लिया है।

सदर थाना प्रभारी राजेंद्र कुमार ने बताया कि फरार बंदियों की गिरफ्तारी के लिए तीन विशेष टीमों का गठन किया गया है। इनमें सदर थाना पुलिस के अलावा रेवाड़ी और धारूहेड़ा सीआईए की टीम शामिल हैं। उल्लेखनीय है कि रेवाड़ी के इस जेल की गिनती प्रदेश की हाईटेक जेलों में की जाती है। इसका हाल ही में उद्घाटन हुआ है। उद्घाटन के समय यहां अत्याधुनिक सुरक्षा इंतजामों के दावे किए गए थे।


RELATED POST

Leave a reply
Click to reload image
Click on the image to reload
Advertisement









Advertisement