गुवाहाटी, 08 अप्रैल। असम के विभिन्न जिलों में मतदान प्रक्रिया को सुचारू रूप से संपन्न कराने के उद्देश्य से बुधवार को मतदान कर्मी स्ट्रॉन्ग रूम से इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (ईवीएम) लेकर अपने-अपने मतदान केंद्रों के लिए रवाना हो गए हैं।
उल्लेखनीय है कि 16वीं असम विधानसभा के लिए 722 उम्मीदवारों के भाग्य का फैसला राज्य के ढ़ाई करोड़ से अधिक मतदाता करेंगे। इनमें पुरुष उम्मीदवारों की संख्या 663 है और महिला उम्मीदवारों की संख्या 59 है। दल के रूप में भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस ने सबसे अधिक 99 सीटों पर और भारतीय जनता पार्टी ने 90 सीटों पर चुनाव लड़ने के लिए अपने उम्मीदवार मैदान में उतारे हैं।
उल्लेखनीय है कि असम की 126 विधानसभा क्षेत्रों में कुल मतदाताओं की संख्या 2 करोड़ 50 लाख 21 हजार 413 है। इनमें पुरुष मतदाताओं की संख्या 1 करोड़ 25 लाख 16 हजार 591 है, महिला मतदाताओं की संख्या 1 करोड़ 25 लाख 4 हजार 501 है और तीसरे लिंग के मतदाता 321 हैं।
वहीं राजधानी क्षेत्र के कामरूप (मेट्रो) जिले की पांच सीटें क्रमशः 33 नं दिसपुर, 34 नं डिमोरिया, 35 नं न्यू गुवाहाटी, 36 नं गुवाहाटी सेंट्रल और 37 नं जालुकबाड़ी सीटें मिलाकर कुल मतदाताओं की संख्या 10,55,288 है। इसमें 5,07,857 पुरुष मतदाताओं के मुकाबले 5,47,400 महिला मतदाता और तृतीय लिंग के मतदाताओं की संख्या 31 है।
कामरूप (मेट्रो) जिले के पांच विधानसभा क्षेत्रों में कुल 1,218 मतदान केंद्रों की व्यवस्था की गई है। इनमें दिसपुर क्षेत्र में 272, डिमोरिया में 262, न्यू गुवाहाटी में 219, गुवाहाटी सेंट्रल में 218 और जालुकबाड़ी क्षेत्र में 247 मतदान केंद्रों की व्यवस्था की गई है। प्रत्येक क्षेत्र में एक आदर्श मतदान केंद्र की व्यवस्था की गई है।
जिले में महिलाओं द्वारा संचालित कुल मतदान केंद्रों की संख्या 120 है। इनमें दिसपुर क्षेत्र में 21, डिमोरिया में 9, न्यू गुवाहाटी में 30, गुवाहाटी सेंट्रल में 39 और जालुकबाड़ी क्षेत्र में 21 मतदान केंद्र महिलाओं द्वारा संचालित होंगे। कामरूप (मेट्रो) जिले के पांच विधानसभा क्षेत्रों में इस बार के चुनाव में कुल 25 उम्मीदवारों ने प्रतिस्पर्धा की है और आगामी 9 अप्रैल को पूरे राज्य में मतदान आयोजित किया जाएगा और 4 मई को मतगणना का दिन निर्धारित किया गया है।
इस बीच शिवसागर जिले में शिवसागर गवर्नमेंट हायर सेकेंडरी मल्टीपरपज स्कूल में स्थापित स्ट्रॉन्ग रूम से आज सुबह से ईवीएम का वितरण किया गया। प्रजाईडिंग ऑफिसर आवश्यक दस्तावेजों और चुनावी सामग्रियों के साथ मतदान केंद्रों की ओर प्रस्थान कर चुके हैं, ताकि मतदान प्रक्रिया शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से संपन्न हो सके।
आधिकारिक आंकड़ों के मुताबिक शिवसागर जिले में कुल मतदाताओं की संख्या 5,70,562 है। जिले में कुल 741 मतदान केंद्र स्थापित किए गए हैं, जिनमें 150 महिला संचालित मतदान केंद्र और 10 मॉडल मतदान केंद्र शामिल हैं।
उल्लेखनीय है कि कार्बी आंगलोंग, डिमा हसाओ, धेमाजी आदि जिलों के दूर दराज इलाकों में स्थित मतदान केंद्रों के लिए मतदान कर्मी मंगलवार को ही मतदान सामग्री के साथ रवाना हो गए थे।
