खरगे, राहुल, प्रियंका ने मोहसिना किदवई के निधन पर दुख जताया | The Voice TV

Quote :

"छोटा सा बदलाव ही जिंदगी की एक बड़ी कामयाबी का हिस्सा होता है"।

National

खरगे, राहुल, प्रियंका ने मोहसिना किदवई के निधन पर दुख जताया

Date : 08-Apr-2026

 नई दिल्ली, 08 अप्रैल  कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी और पार्टी महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने पार्टी की वरिष्ठ नेता एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री मोहसिना किदवई के निधन पर गहरा दुख व्यक्त किया है।



मोहसिना किदवई का आज उत्तर प्रदेश के नोएडा स्थित आवास पर 94 वर्ष की आयु में निधन हो गया। वे लंबे समय से उम्रजनित समस्याओं से पीड़ित थीं।



खरगे ने एक्स पोस्ट में उनके निधन पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए कहा कि मोहसिना किदवई ने अपने जीवन के छह दशक से अधिक समय देश की सेवा को समर्पित किए और वे पार्टी की एक मजबूत व मार्गदर्शक नेता रहीं। किदवई लोकसभा और राज्यसभा दोनों की सदस्य रहीं और कांग्रेस कार्य समिति की सम्मानित सदस्य के रूप में उन्होंने कठिन समय में पार्टी को दिशा दी। उनका निधन कांग्रेस और राष्ट्र के लिए अपूरणीय क्षति है।

राहुल गांधी ने भी उनके निधन पर शोक जताया। उन्होंने कहा कि मोहसिना किदवई एक अत्यंत वरिष्ठ, वफादार और समर्पित नेता थीं, जिनका पूरा जीवन जनसेवा के लिए समर्पित रहा। उनकी सादगी, सौम्यता और गरिमापूर्ण राजनीतिक जीवन ने देश की कई पीढ़ियों, विशेषकर महिलाओं को प्रेरित किया।

प्रियंका गांधी वाड्रा ने दुख व्यक्त करते हुए कहा कि मोहसिना किदवई के ज्ञान और मार्गदर्शन को याद करेंगे। वह अपने समय की अग्रणी थीं। यूपी की कुछ महिला पीसीसी अध्यक्षों में से एक के रूप में, उन्होंने राज्य के हर कोने की यात्रा की और जिलों में कांग्रेस कार्यकर्ताओं के साथ स्थायी संबंध बनाए। उनका साहस, वैचारिक प्रतिबद्धता और देशभक्ति निर्विवाद थी। वह एक दयालु व्यक्ति थीं जिन्होंने बहुत गरिमापूर्ण जीवन जीया। उनके परिवार के प्रति संवेदनाएं व्यक्त करते हुए कहा कि उन्हें इस क्षति को साहस के साथ सहने की शक्ति मिले।


RELATED POST

Leave a reply
Click to reload image
Click on the image to reload
Advertisement









Advertisement