नैहाटी, 08 अप्रैल । नैहाटी स्थित नदिया जूट मिल में बुधवार सुबह करीब 11 बजे भीषण आग लगने की घटना सामने आई। आग लगते ही देखते-ही-देखते पाट (जूट) के गोदाम के बड़े हिस्से में फैल गई, जिससे स्थिति जल्द ही नियंत्रण से बाहर हो गई।
सूचना मिलते ही दमकल की पांच गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का काम शुरू किया। हालांकि आग की तीव्रता इतनी ज्यादा थी कि लंबे समय तक प्रयास के बावजूद इसे पूरी तरह काबू में नहीं किया जा सका। ज्वलनशील पदार्थों की अधिकता के कारण दमकल कर्मियों को आग बुझाने में काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
प्रारंभिक अनुमान के अनुसार, इस अग्निकांड में करोड़ों रुपये के सामान के नुकसान की आशंका है। हालांकि अब तक किसी के हताहत होने की सूचना नहीं मिली है।
घटना की जानकारी मिलते ही नैहाटी नगरपालिका के चेयरमैन अशोक चट्टोपाध्याय और तृणमूल कांग्रेस के स्थानीय उम्मीदवार सनत दे मौके पर पहुंचे। उन्होंने दमकल अधिकारियों के साथ स्थिति का जायजा लिया और जल्द से जल्द आग पर काबू पाने के निर्देश दिए।
आग लगने के कारणों का अभी तक पता नहीं चल पाया है। दमकल विभाग के अनुसार, स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में आने के बाद ही घटना की जांच कर आग लगने के कारणों का पता लगाया जाएगा।
