बारिश का दौर थमा, चार-पांच दिन मौसम साफ रहने के आसार | The Voice TV

Quote :

“स्वयं जैसे हो वैसे ही रहो; बाकी सब तो पहले से ही कोई और बन चुके हैं।” ― ऑस्कर वाइल्ड

National

बारिश का दौर थमा, चार-पांच दिन मौसम साफ रहने के आसार

Date : 09-Apr-2026

 जयपुर, 09 अप्रैल । राजस्थान में पिछले कुछ समय से जारी आंधी, बारिश और ओलावृष्टि का दौर अब धीमा पड़ गया है। मौसम विज्ञान केन्द्र जयपुर के अनुसार बुधवार से प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में मौसम साफ रहने लगा है और अब अगले चार-पांच दिन तक मौसम सामान्य बने रहने की संभावना है। हालांकि, दिन में तेज धूप निकलने के कारण तापमान में बढ़ोतरी के साथ गर्मी का असर फिर से महसूस होने लगेगा।

बीते 20 दिनों से सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ के कारण अप्रैल में भी लोगों को ठंडक का अहसास हो रहा था। दिन का तापमान सामान्य से करीब सात डिग्री सेल्सियस तक नीचे मापा जा रहा था। बुधवार को भी सुबह-शाम हल्की ठंड बनी रही, लेकिन दिन में धूप निकलने से तापमान में धीरे-धीरे बढ़ोतरी हुई।

पिछले 24 घंटों में अजमेर, भीलवाड़ा, टोंक, झुंझुनूं, अलवर, करौली और फलोदी सहित कुछ क्षेत्रों में हल्के बादल छाए रहे और कहीं-कहीं बूंदाबांदी भी हुई। करौली के टोडाभीम में 4 मिमी, बानसूर और बहरोड़ में 2-2 मिमी, झुंझुनूं के सुजानगढ़ और बुहाना में 2-2 मिमी तथा फलोदी के लोहावट में 5 मिमी वर्षा हुई।

जयपुर के कोटपूतली क्षेत्र में भी हल्की बारिश हुई।

लगातार बारिश के चलते जयपुर की जलापूर्ति के मुख्य स्रोत बीसलपुर बांध में भी पानी की आवक बढ़ी है। बांध का जलस्तर वर्तमान में 314.51 आरएल मीटर है, जो पिछले वर्ष की तुलना में करीब 16.94 प्रतिशत अधिक है। बीते दिनों में बांध में एक सेंटीमीटर से अधिक पानी की वृद्धि हुई है। बारिश का असर कम होने के साथ ही पश्चिमी राजस्थान के जिलों जैसलमेर, जोधपुर, बीकानेर, चूरू और श्रीगंगानगर में दिन के तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी हुई है।

बुधवार को बाड़मेर में अधिकतम तापमान 35.2 डिग्री सेल्सियस मापा गया, जो प्रदेश में सबसे अधिक रहा।

मौसम विभाग के अनुसार अगले 4-5 दिनों तक प्रदेश में मौसम साफ रहेगा। दिन में तेज धूप रहने से तापमान में करीब 4 डिग्री सेल्सियस तक वृद्धि हो सकती है, जिससे गर्मी का असर बढ़ेगा। हालांकि, फिलहाल किसी बड़े मौसम बदलाव की संभावना नहीं जताई गई है।


RELATED POST

Leave a reply
Click to reload image
Click on the image to reload
Advertisement









Advertisement