बिरला और शाह ने सीआरपीएफ शार्य दिवस पर वीर जवानों को दी श्रद्धांजलि | The Voice TV

Quote :

“स्वयं जैसे हो वैसे ही रहो; बाकी सब तो पहले से ही कोई और बन चुके हैं।” ― ऑस्कर वाइल्ड

National

बिरला और शाह ने सीआरपीएफ शार्य दिवस पर वीर जवानों को दी श्रद्धांजलि

Date : 09-Apr-2026

 नई दिल्ली, 09 अप्रैल। लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला और गृहमंत्री अमित शाह समेत कई नेताओं ने गुरुवार को केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) शौर्य दिवस के अवसर पर सीआरपीएफ के बलिदानियों को श्रद्धांजलि अर्पित की।

ओम बिरला ने एक्स पर कहा, “आतंकवाद, नक्सलवाद, आंतरिक सुरक्षा चुनौतियों और प्राकृतिक आपदाओं जैसी हर कठिन परिस्थिति में अदम्य साहस एवं अटूट संकल्प के साथ देश की रक्षा में जुटे सीआरपीएफ के सभी वीर अधिकारियों और जवानों को वीरता दिवस पर शुभकामनाएं! दुर्गम परिस्थितियों में भी अपने कर्तव्य पथ से कभी विचलित न होने वाले के सीआरपीएफ जांबाज़ों की देश की एकता और अखंडता को सशक्त बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका है।”

अमित शाह ने कहा कि 1965 में इसी दिन सीआरपीएफ के निडर योद्धा कच्छ के रण स्थित सरदार पोस्ट पर एक अभेद्य दीवार की तरह डटे रहे, शत्रु के आक्रमण को विफल करते हुए भारत के इतिहास में वीरता का एक गौरवशाली अध्याय लिखा। राष्ट्र के सम्मान और सुरक्षा के लिए प्राणों की आहुति देने वाले शहीदों को श्रद्धांजलि।

कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने कहा कि पिछले 85 वर्षों से आपके शौर्य, पराक्रम, देश सेवा की निःस्वार्थ भावना एवं बलिदान ने देश को मजबूत बनाया है। इसके लिए देश सदैव आपका ऋणी रहेगा।

सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम मंत्री जीतन राम माझी ने कहा कि आज ही के दिन सीआरपीएफ जवानों ने गुजरात स्थित कच्छ के रण में सरदार पोस्ट पर पाकिस्तान की बड़ी टुकड़ी को परास्त किया था।

कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि देश और देशवासियों की सुरक्षा के लिए जवानों का समर्पण अनुकरणीय है, मां भारती के वीर सपूतों पर राष्ट्र को गर्व है। आपके सेवा भाव को प्रणाम!

सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री डॉ वीरेंद्र कुमार ने कहा कि देश की सुरक्षा के लिए वीरगति को प्राप्त होने वाले केंद्रीय रिज़र्व पुलिस फोर्स के बलिदानियों को शत-शत नमन।

विधि एवं न्याय राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) अर्जुन राम मेघवाल ने कहा कि बल के जवानों का साहस, त्याग और समर्पण देश की सुरक्षा का सशक्त आधार है। सभी वीर जवानों के शौर्य को कोटि-कोटि प्रणाम।


RELATED POST

Leave a reply
Click to reload image
Click on the image to reload
Advertisement









Advertisement