लोकसभा अध्यक्ष, गृहमंत्री, रक्षा मंत्री समेत कई नेताओं ने गुरु अर्जन देव के प्रकाश पर्व की बधाई दी | The Voice TV

Quote :

“स्वयं जैसे हो वैसे ही रहो; बाकी सब तो पहले से ही कोई और बन चुके हैं।” ― ऑस्कर वाइल्ड

National

लोकसभा अध्यक्ष, गृहमंत्री, रक्षा मंत्री समेत कई नेताओं ने गुरु अर्जन देव के प्रकाश पर्व की बधाई दी

Date : 09-Apr-2026

 नई दिल्ली, 09 अप्रैल। सिख धर्म के पांचवें गुरु अर्जन देव के प्रकाश पर्व पर लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला, गृह मंत्री अमित शाह और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह समेत कई नेताओं ने गुरुवार को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।

ओम बिरला ने एक्स पोस्ट में पंचम सिख गुरु अर्जन देव के पावन प्रकाश पर्व को नमन किया और शुभकामनाएं देते हुए कहा कि सत्य, धर्म और मानवता के लिए अपने प्राण न्योछावर करने वाले गुरु साहिब का जीवन आज भी त्याग, सहिष्णुता, प्रेम और मानव कल्याण का संदेश देता है।

गृह मंत्री अमित शाह ने गुरु अर्जन देव के प्रकाश पर्व पर शुभकामनाएं देते हुए कहा कि महान संत गुरु अर्जन देव ने मुगल आक्रांताओं की अनेक यातनाएं सहीं, लेकिन ‘धर्म परिवर्तन’ की बजाय अपने प्राणों का बलिदान देकर स्वधर्म व स्वसंस्कृति की रक्षा का आदर्श स्थापित किया। उन्होंने गुरु ग्रंथ साहिब का संकलन और स्वर्ण मंदिर के निर्माण के माध्यम से सिख धर्म का प्रचार-प्रसार किया। गुरु अर्जन देव का जीवन अन्याय और अत्याचार के विरुद्ध अडिग रहने तथा धर्म, नैतिकता एवं आध्यात्मिकता के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देता है।

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने गुरु अर्जन देव के प्रकाश पर्व पर नमन करते हुए कहा कि सिख संप्रदाय को जन-जन तक पहुंचाने में उनकी महती भूमिका रही है। गुरु ग्रंथ साहिब के संकलन माध्यम से उन्होंने महत्वपूर्ण योगदान किया है। अपनी संस्कृति की रक्षा के लिए उन्होंने अपने प्राणों का बलिदान कर दिया। उनका पूरा जीवन उदारता, त्याग और बलिदान की प्रेरणा है। आप सभी को गुरु अर्जन देव जी के प्रकाश पर्व की बहुत शुभकामनाएं।

कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि धर्म की रक्षा और मानवता के कल्याण के लिए अपना सम्पूर्ण जीवन समर्पित कर देने वाले सिखों के पांचवें गुरु, गुरु अर्जन देव के पावन प्रकाश पर्व पर उनके चरणों में नमन करता हूं। पुण्य विचार, शिक्षाएं और उपदेश सर्वदा हम सबको धर्म पथ पर चलने एवं मानवता की सेवा के लिए प्रेरित करते रहेंगे।

विधि एवं न्याय राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) अर्जुन राम मेघवाल ने कहा कि गुरु अर्जन देव का संपूर्ण जीवन सेवा, त्याग और मानव कल्याण का प्रतीक है। आपके विचार सर्वदा हम सभी को सत्य, सहिष्णुता और धर्मनिष्ठा के मार्ग पर दृढ़तापूर्वक अग्रसर होने की प्रेरणा देते रहेंगे।

मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने कहा कि त्याग, सेवा, समर्पण और सहिष्णुता के प्रति आपकी प्रेरणा संपूर्ण विश्व के कल्याण का प्रेरणास्रोत है। मानवता, भाईचारे और सत्य के मार्ग पर चलने का आपका संदेश समाज को नई दिशा देता है।

दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने गुरु अर्जन देव के प्रकाश पर्व की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि गुरु साहिब का जीवन त्याग, अटूट विश्वास और मानवता की सेवा की अनुपम प्रेरणा है। उन्होंने आदि ग्रंथ साहिब के संकलन और हरिमंदिर साहिब के निर्माण के माध्यम से विश्व को शांति और सद्भाव का मार्ग दिखाया। उनकी महान शिक्षाएं और सर्व-कल्याण की भावना हमें सदैव मार्गदर्शित करती रहेंगी।

उत्तराखण्ड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गुरु अर्जन देव को धर्म, मानवता और कर्तव्यनिष्ठा का प्रतीक बताते हुए कहा कि गुरु अर्जन देव का जीवन सेवा, समर्पण, त्याग और सत्य के प्रति अटूट आस्था का अद्वितीय उदाहरण है। उनकी दिव्य शिक्षाएं सदैव हमारी पथ प्रदर्शक रहेंगी।


RELATED POST

Leave a reply
Click to reload image
Click on the image to reload
Advertisement









Advertisement