लाचेन में फंसे पर्यटकों का बचाव कार्य पूरा, पर्यटक गंगटोक के लिए रवाना | The Voice TV

Quote :

“स्वयं जैसे हो वैसे ही रहो; बाकी सब तो पहले से ही कोई और बन चुके हैं।” ― ऑस्कर वाइल्ड

National

लाचेन में फंसे पर्यटकों का बचाव कार्य पूरा, पर्यटक गंगटोक के लिए रवाना

Date : 09-Apr-2026

 मंगन, 09 अप्रैल । उत्तरी सिक्किम के लाचेन में फंसे सभी पर्यटकों का बचाव अभियान पूरा कर लिया गया है। तारम छु में बने अस्थायी पैदल पुल को पार करने के बाद पर्यटक गंगटोक की ओर आगे बढ़ चुके हैं।

सभी पक्षों के समन्वित प्रयासों के बाद लाचेन से सभी पर्यटकों का बचाव अभियान आज सफलतापूर्वक पूरा हो गया है। मंत्री और क्षेत्र के विधायक साम्डुप लेप्चा तारम छु में मौजूद रहे और अस्थायी पैदल पुल के माध्यम से पर्यटकों के स्थानांतरण की निगरानी की। मंगन जिला के जिलापाल अनंत जैन, सेना, बीआरओ, लाचेन जुम्सा और पर्यटन से संबंधित हितधारकों के सक्रिय समन्वय के तहत पर्यटकों को निकाला गया।

तारम छु से चुंगथांग होते हुए गंगटोक तक पर्यटकों को ले जाने के लिए विशेष बसों और पर्यटक वाहनों की व्यवस्था की गई थी। एक ओर जिलापाल, पुलिस अधीक्षक और जिला प्रशासन की एक टीम तारम छु में पर्यटकों का सुरक्षित स्थानांतरण सुनिश्चित कर रही थी, जबकि मंगन के एडीसी, एसडीएम, आरटीओ और उनकी टीम ने चुंगथांग सार्वजनिक मैदान में पर्यटकों के लिए यात्रा प्रबंधन का समन्वय किया।

तारम छु में बचाव प्रक्रिया पूरी होने के बादमंत्री लेप्चा ने भारतीय सेना और बीआरओ के अधिकारियों से मुलाकात की और उनके निरंतर प्रयासों के लिए उन्हें धन्यवाद दिया। साथ ही, उन्होंने पर्यटकों से भी मुलाकात की और उनके गंतव्य की ओर उनकी यात्रा के लिए अपनी शुभकामनाएं व्यक्त की।

मंत्री ने जिला प्रशासन और बचाव अभियान में शामिल सभी एजेंसियों को धन्यवाद दिया और कहा कि प्रतिकूल मौसम और प्रबंधन चुनौतियों के बावजूद सामूहिक प्रयासों और सामुदायिक भावना के कारण अभियान सफल रहा।

उल्लेखनीय है की, तारम छू के पास भूस्खलन से सड़क का एक बड़ा हिस्सा ध्वस्त हो जाने के बाद लाचेन के साथ संपर्क टूट गया था। वाहनों की आवाजाही बंद होने से लाचेन घुम्ने आए पर्यटक फंस गए थे। तारम छु में भारतीय सेना की मदद से एक अस्थायी पैदल पुल का निर्माण किया गया, जिससे पर्यटकों के बचाव अभियान में तेजी आई।


RELATED POST

Leave a reply
Click to reload image
Click on the image to reload
Advertisement









Advertisement