उन्नत कृषि महोत्सव: केन्द्रीय मंत्री शिवराज सिंह आज रायसेन में भव्य प्रदर्शनी का करेंगे शुभारंभ | The Voice TV

Quote :

“स्वयं जैसे हो वैसे ही रहो; बाकी सब तो पहले से ही कोई और बन चुके हैं।” ― ऑस्कर वाइल्ड

National

उन्नत कृषि महोत्सव: केन्द्रीय मंत्री शिवराज सिंह आज रायसेन में भव्य प्रदर्शनी का करेंगे शुभारंभ

Date : 10-Apr-2026

 भोपाल, 10 अप्रैल । केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण और ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान आज शुक्रवार को मप्र के रायसेन जिले के प्रवास पर रहेंगे। वे यहां शाम को उन्नत कृषि महोत्सव के अंतर्गत आयोजित भव्य प्रदर्शनी का शुभारंभ शुभारंभ करेंगे, साथ ही,प्रदर्शनी परिसर में स्थापित विभिन्न स्टॉलों एवं डेमोंस्ट्रेशन क्षेत्रों का अवलोकन भी करेंगे।

जनसम्पर्क अधिकारी अनुभा सिंह ने बताया कि केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्रालय द्वारा रायसेन के दशहरा मैदान में 11 से 13 अप्रैल तक तीन दिवसीय उन्नत कृषि महोत्सव का आयोजन किया जा रहा है। केंद्रीय कृषि मंत्री चौहान की पहल पर आयोजित राष्ट्रीय स्तर के इस कृषि मेले में भव्य प्रदर्शनी भी लगाई जा रही है, जिसका आज उद्घाटन होगा।

इस प्रदर्शनी में विभिन्न राष्ट्रीय एवं राज्य स्तरीय संस्थानों, अग्रणी कंपनियों एवं नवोन्मेषी कृषि स्टार्ट-अप्स द्वारा नवीनतम कृषि तकनीकों, उपकरणों एवं समाधान मॉडलों का प्रदर्शन किया जाएगा। केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह इनकी जानकारी प्राप्त करेंगे, इसके बाद वे डेमोंस्ट्रेशन क्षेत्र का अवलोकन करेंगे, जहाँ आधुनिक कृषि यंत्रों, सूक्ष्म सिंचाई प्रणालियों, ड्रोन तकनीक तथा अन्य उन्नत कृषि मॉडलों का लाइव प्रदर्शन किया जाएगा, ताकि किसान भाई-बहन तकनीक को लाइव देखकर समझ सकें और उसे अपनी खेत-खलिहान की परिस्थितियों में लागू कर सकें।

बहु-आयामी प्रदर्शनी में 300 स्टॉल

जनसम्पर्क अधिकारी के अनुसार, उन्नत कृषि महोत्सव के अंतर्गत यह प्रदर्शनी पूरे आयोजन का प्रमुख आकर्षण है, जिसमें लगभग 300 स्टॉल स्थापित किए गए हैं। यह बहु-आयामी प्रदर्शनी खेती की संपूर्ण मूल्य-श्रृंखला यानी इनपुट से लेकर प्रसंस्करण एवं विपणन तक के समग्र समाधान “एक ही स्थान, एक ही मंच” पर उपलब्ध कराएगी, जिससे किसानों को आधुनिक, लाभकारी एवं टिकाऊ कृषि के सभी पहलुओं की समेकित जानकारी प्राप्त हो सके।

प्रदर्शनी में कृषि, बागवानी, सूक्ष्म सिंचाई, कृषि यंत्रीकरण एवं अत्याधुनिक प्रौद्योगिकी, उर्वरक, कीटनाशक, बीज, डिजिटल कृषि तथा फसल बीमा से संबंधित अग्रणी संस्थानों एवं कंपनियों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की गई है। इसके साथ ही, भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद (ICAR), राज्य कृषि विश्वविद्यालय, कृषि विज्ञान केंद्र (KVKs), पशुपालन एवं मत्स्य पालन विभाग, खाद्य प्रसंस्करण, ग्रामीण विकास, सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम (MSME), राष्ट्रीय कृषि सहकारी विपणन संघ (NAFED), किसान उत्पादक संगठन (FPOs) तथा कृषि स्टार्ट-अप्स भी अपने-अपने क्षेत्र में विकसित नवाचारों और सफल मॉडलों के साथ प्रदर्शनी में भाग लेंगे।

आयोजन स्थल सुव्यवस्थित रूप से तीन बड़े हैंगरों में विकसित

आयोजन स्थल को सुव्यवस्थित रूप से तीन बड़े हैंगरों में विकसित किया गया है, ताकि किसानों को विषयवार स्पष्टता और सहज अनुभव प्राप्त हो सके। हैंगर-1 में कृषि एरीना, फार्म मशीनरी, सिंचाई, फसल संरक्षण, मृदा पोषण, बीज क्षेत्र तथा नवाचार एवं अनुसंधान से संबंधित स्टॉल स्थापित किए गए हैं। हैंगर-2 में पशुपालन, डेयरी, मृदा पोषण, सहकारी संस्थाएं, ICAR संस्थान, FPOs तथा ग्रामीण विकास मंत्रालय से जुड़े स्टॉल लगाए गए हैं, जहाँ खेती और संबद्ध क्षेत्रों की समग्र तस्वीर एक ही छत के नीचे देखने को मिलेगी। हैंगर-3 को उद्घाटन, तकनीकी सत्रों एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों के लिए तैयार किया गया है, जहाँ बड़ी संख्या में किसानों के बैठने की समुचित व्यवस्था के साथ प्रेरणादायी सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ भी आयोजित की जाएंगी।

वैज्ञानिकों, विशेषज्ञों एवं नीति निर्धारकों के साथ किसानों के सीधे संवाद की व्यवस्था

प्रदर्शनी के माध्यम से किसानों को आधुनिक कृषि यंत्रों, उन्नत बीज-खाद, जैविक एवं प्राकृतिक खेती, डेयरी, पोल्ट्री एवं मत्स्य पालन, डिजिटल कृषि समाधान तथा विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी एक ही मंच पर उपलब्ध कराई जाएगी। साथ ही, वैज्ञानिकों, विशेषज्ञों एवं नीति निर्धारकों के साथ किसानों के सीधे संवाद की व्यवस्था सुनिश्चित की गई है, जिससे उन्हें अपनी स्थानीय परिस्थितियों के अनुरूप व्यवहारिक एवं त्वरित समाधान प्राप्त हो सकें।

प्रदर्शनी किसानों के लिए एक प्रभावी “वन-स्टॉप प्लेटफॉर्म”

यह प्रदर्शनी किसानों के लिए एक प्रभावी “वन-स्टॉप प्लेटफॉर्म” के रूप में कार्य करेगी, जहाँ वे नवीनतम तकनीकों, सफल मॉडलों और बाज़ार-उन्मुख कृषि के रास्तों को समझकर उन्हें अपनाने के लिए प्रेरित होंगे तथा अपनी आय में निरंतर वृद्धि के लिए व्यावहारिक मार्गदर्शन प्राप्त कर सकेंगे। उन्नत कृषि महोत्सव के अंतर्गत रायसेन में आयोजित यह भव्य प्रदर्शनी “बीज से बाजार तक” किसानों के सशक्तिकरण, समृद्धि और कृषि के सर्वांगीण उन्नयन की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम सिद्ध होगी।


RELATED POST

Leave a reply
Click to reload image
Click on the image to reload
Advertisement









Advertisement