पश्चिम बंगाल विस चुनाव: असदुद्दीन ओवैसी ने हुमायूं कबीर से तोड़ा गठबंधन, अकेले लड़ने का ऐलान | The Voice TV

Quote :

“स्वयं जैसे हो वैसे ही रहो; बाकी सब तो पहले से ही कोई और बन चुके हैं।” ― ऑस्कर वाइल्ड

National

पश्चिम बंगाल विस चुनाव: असदुद्दीन ओवैसी ने हुमायूं कबीर से तोड़ा गठबंधन, अकेले लड़ने का ऐलान

Date : 10-Apr-2026

 कोलकाता, 10 अप्रैल। पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव से पहले बड़ा राजनीतिक घटनाक्रम सामने आया है। असदुद्दीन ओवैसी की पार्टी मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन ने हुमायूं कबीर की पार्टी से गठबंधन तोड़ दिया है और राज्य में अकेले चुनाव लड़ने का फैसला किया है।

शुक्रवार तड़के सोशल मीडिया पर जारी बयान में पार्टी ने कहा कि वह किसी ऐसे विवाद या बयान से खुद को नहीं जोड़ सकती, जिससे मुस्लिम समुदाय के आत्मसम्मान पर प्रश्न उठे। बयान में स्पष्ट किया गया कि आज से हुमायूं कबीर की पार्टी के साथ गठबंधन समाप्त किया जाता है।

इस फैसले को हुमायूं कबीर से जुड़े कथित ‘गोपनीय वीडियो’ विवाद से जोड़कर देखा जा रहा है। हालांकि बयान में किसी विशेष घटना का उल्लेख नहीं किया गया, लेकिन राजनीतिक हलकों में माना जा रहा है कि इसी विवाद के बाद दोनों दलों के बीच दूरी बढ़ी।

गठबंधन टूटने पर प्रतिक्रिया देते हुए हुमायूं कबीर ने कहा कि ओवैसी अपना निर्णय लेने के लिए स्वतंत्र हैं और वह इस पर कोई टिप्पणी नहीं करना चाहते। उन्होंने कहा कि उनके मन में ओवैसी के प्रति व्यक्तिगत सम्मान पहले भी था और आगे भी रहेगा। उन्होंने यह भी बताया कि 25 मार्च को कोलकाता में हुई संयुक्त पत्रकार वार्ता में दोनों दलों ने साथ मिलकर चुनाव लड़ने का निर्णय लिया था।

हुमायूं कबीर ने यह भी कहा कि उनकी पार्टी 182 सीटों पर चुनाव लड़ रही है और प्रचार अभियान जारी रहेगा। उन्होंने विश्वास जताया कि उनकी पार्टी अच्छा प्रदर्शन करेगी और जनता का समर्थन मिलेगा। साथ ही, उन्होंने ‘गोपनीय वीडियो’ को लेकर आरोप लगाया कि यह कृत्रिम मेधा के माध्यम से तैयार किया गया है और इसकी सत्यता साबित न होने पर उच्च न्यायालय में जाने की चेतावनी दी।

मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन ने अपने बयान में यह भी कहा कि पश्चिम बंगाल में मुस्लिम समुदाय लंबे समय से गरीब, उपेक्षित और शोषित रहा है, और उनकी पार्टी का उद्देश्य ऐसे वर्गों को स्वतंत्र राजनीतिक आवाज देना है। इसी कारण पार्टी ने राज्य में किसी भी दल के साथ गठबंधन न कर अकेले चुनाव लड़ने का निर्णय लिया है।

गौरतलब है कि पहले दोनों दलों के बीच गठबंधन को लेकर माना जा रहा था कि यह राज्य में अल्पसंख्यक मतों के समीकरण को प्रभावित कर सकता है। हालांकि अब इस गठबंधन के टूटने से चुनावी समीकरण बदलने की संभावना जताई जा रही है।


RELATED POST

Leave a reply
Click to reload image
Click on the image to reload
Advertisement









Advertisement