राशन घोटाला मामले में ईडी ने राज्य के 12 ठिकानों पर की छापेमारी | The Voice TV

Quote :

“स्वयं जैसे हो वैसे ही रहो; बाकी सब तो पहले से ही कोई और बन चुके हैं।” ― ऑस्कर वाइल्ड

National

राशन घोटाला मामले में ईडी ने राज्य के 12 ठिकानों पर की छापेमारी

Date : 10-Apr-2026

कोलकाता, 10 अप्रैल। पश्चिम बंगाल में राशन वितरण में कथित अनियमितताओं को लेकर प्रवर्तन निदेशालय एक बार फिर सक्रिय हो गया है। शुक्रवार सुबह से पश्चिम बंगाल के कई जिलों में एक साथ छापेमारी अभियान चलाया जा रहा है।

सूत्रों के अनुसार, कोलकाता, हावड़ा, बनगांव और मुर्शिदाबाद सहित राज्य के कुल 12 स्थानों पर तलाशी ली जा रही है। जांच एजेंसी राशन वितरण की प्रक्रिया और उससे जुड़े वित्तीय लेनदेन की पड़ताल कर रही है।

कोलकाता में बसंत कुमार रोड स्थित एक व्यवसायी के आवास पर सुबह-सुबह प्रवर्तन निदेशालय के अधिकारी पहुंचे। यहां राशन वितरण के तौर-तरीकों और आपूर्ति के नेटवर्क को लेकर संबंधित व्यवसायी से पूछताछ की जा रही है। इसके अलावा शहर के पोद्दार कोर्ट और मिंटो पार्क इलाके में भी कई स्थानों पर तलाशी अभियान जारी है।

दूसरी ओर, रानीगंज में अजय कोयाल नामक व्यवसायी के घर पर भी प्रवर्तन निदेशालय ने छापा मारा। अजय कोयाल का रानीगंज में लंबे समय से चावल का कारोबार है, जिसका विस्तार राज्य के अलावा देश के अन्य हिस्सों तक बताया जा रहा है। जानकारी के मुताबिक, वह विदेशों में भी चावल की आपूर्ति करते हैं।

शुक्रवार सुबह केंद्रीय बलों के साथ चार वाहनों में पहुंचे अधिकारियों ने अजय कोयाल के आवास पर पहुंचकर तलाशी अभियान शुरू किया। इस कार्रवाई को राशन घोटाला मामले में महत्वपूर्ण माना जा रहा है और आने वाले समय में इससे जुड़े और खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है।


RELATED POST

Leave a reply
Click to reload image
Click on the image to reload
Advertisement









Advertisement