धमतरी : बठेना वार्ड में खुली निकासी नाली बनी जानलेवा समस्या | The Voice TV

Quote :

“स्वयं जैसे हो वैसे ही रहो; बाकी सब तो पहले से ही कोई और बन चुके हैं।” ― ऑस्कर वाइल्ड

National

धमतरी : बठेना वार्ड में खुली निकासी नाली बनी जानलेवा समस्या

Date : 12-Apr-2026

 धमतरी, 12 अप्रैल। शहर के बठेना वार्ड में हाल ही में निर्मित नालियों को स्लैब से नहीं ढकने के कारण वार्डवासियों में भारी नाराजगी है। खुली नालियों से उठ रही बदबू, मच्छरों का प्रकोप और हादसों का खतरा लगातार बढ़ रहा है, जिससे लोग परेशान हैं। वार्डवासियों ने शासन के तय मापदंडों के तहत नाली निर्माण की मांग की है।

वार्ड की समस्या को लेकर बीते दिनों वार्ड की महिलाएं नगर निगम पहुंचीं थी और महापौर रामू रोहरा को अपनी पीड़ा से अवगत कराया। महापौर ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जल्द समाधान का आश्वासन दिया था, लेकिन स्थिति जस की तस है। स्थानीय महिला सोहद्राबाई, कुंती बाई ने रविवार काे बताया कि नाली निर्माण तो कर दिया गया है, लेकिन आवश्यक स्थानों पर स्लैब नहीं लगाया गया। इससे नालियां खुली रह गई हैं, जिनसे तेज बदबू घरों तक पहुंच रही है और मच्छरों का प्रकोप बढ़ गया है। नालियों से कीड़े-मकोड़े घरों में घुस रहे हैं, जिससे स्वास्थ्य संबंधी खतरे भी उत्पन्न हो रहे हैं। प्रमिला, धनेश्वरी, लीला बाई, चंद्रिका बाई सहित अन्य ने बताया कि निर्माण कार्य में शासन के निर्देशों का पालन नहीं किया गया।

उनका कहना है कि खुली नालियां दुर्घटनाओं को भी न्योता दे रही हैं। इसी तरह की समस्या सोरिद वार्ड के काली मंदिर- सांई मंदिर गली में भी देखने को मिल रही है। यहां भी नाली निर्माण के बाद स्लैब नहीं लगाया गया है। स्थानीय लोगों के अनुसार, वर्षभर में कई बार शिकायत करने के बावजूद कोई कार्रवाई नहीं हुई। खुली नालियों में कई बार बच्चे और मवेशी गिर चुके हैं, जिससे हादसों का खतरा लगातार बना हुआ है। वार्डवासियों ने आरोप लगाया कि निकासी नाली निर्माण में शासन के नियमों का खुला उल्लंघन किया गया है, लेकिन जिम्मेदार विभाग अब तक मौन है। वार्ड के लोगों ने नगर निगम से जल्द से जल्द नालियों को स्लैब से ढंकने, सफाई व्यवस्था दुरुस्त करने और जिम्मेदार ठेकेदारों पर कार्रवाई की मांग की है, ताकि नागरिकों को मूलभूत सुविधाओं का लाभ सुरक्षित रूप से मिल सके।

बठेना वार्ड के रहवासी हरिराम सिन्हा ने कहा कि बठेना वार्ड में निकासी नालियों का निर्माण शासन के तय निर्देशानुसार ही किया जाना चाहिए। यहां निकासी नाली निर्माण में अनियमितता बरती जा रही है। निर्माण में संलग्न कर्मचारी कहते हैं कि कार्य होने के बाद सर्वे किया जाएगा। वार्ड की रहवासी अवंतिका चंद्राकर ने कहा कि बठेना वार्ड में चल रहे निकासी नाली निर्माण का कार्य भगवान भरोसे हैं कार्य का निरीक्षण करने निगम के इंजीनियर भी नहीं आते स्वयं के खर्चे पर दुकान व घर के सामने स्लैब डाला गया है। खुली नाली में अब तक पांच से अधिक लोग गिर चुके हैं।

नगर निगम में की गई है शिकायत:

वार्ड पार्षद श्यामलाल नेताम ने कहा कि निकासी नाली निर्माण में अनियमितता की शिकायत नगर निगम में की गई है। यदि नाली निर्माण में गुणवत्ता का ध्यान रखा जाता है तो वार्डवासियों को राहत मिलेगी।


RELATED POST

Leave a reply
Click to reload image
Click on the image to reload
Advertisement









Advertisement