गोघाट में वाम मोर्चा और भाजपा कार्यकर्ताओं के बीच तनानती | The Voice TV

Quote :

“स्वयं जैसे हो वैसे ही रहो; बाकी सब तो पहले से ही कोई और बन चुके हैं।” ― ऑस्कर वाइल्ड

National

गोघाट में वाम मोर्चा और भाजपा कार्यकर्ताओं के बीच तनानती

Date : 12-Apr-2026

 हुगली, 12 अप्रैल । जैसे-जैसे चुनाव नजदीक आ रहे हैं, राज्य के विभिन्न हिस्सों में राजनीतिक तनाव लगातार बढ़ता जा रहा है। इसी कड़ी में रविवार को गोघाट-एक ब्लॉक के नकुंडा ग्राम पंचायत के हाटतला इलाके में एक बेहद तनावपूर्ण स्थिति देखने को मिली, जिसने राजनीतिक माहौल को और गरमा दिया।

स्थानीय सूत्रों के अनुसार, पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के तहत वाम मोर्चा के कार्यकर्ता और समर्थक क्षेत्र में प्रचार करने पहुंचे थे। उसी समय भाजपा के कार्यकर्ता और समर्थक भी उसी स्थान पर पहुंच गए। इसके बाद देखते ही देखते दोनों पक्षों के बीच नारेबाजी शुरू हो गई।

एक ओर ‘इंकलाब जिंदाबाद’ के नारे गूंजने लगे, तो दूसरी ओर ‘जय श्री राम’ के नारों से पूरा इलाका गूंज उठा। स्थिति इतनी तनावपूर्ण हो गई कि हाटतला क्षेत्र मानो रणक्षेत्र में बदल गया। अचानक बढ़े इस तनाव से आम लोग और स्थानीय व्यापारी भयभीत हो गए।

वाम नेतृत्व ने आरोप लगाया कि उन्होंने पहले ही प्रशासन से अनुमति ली थी। ऐसे में उसी समय और उसी स्थान पर दूसरे दल को कैसे अनुमति दी गई, इस पर उन्होंने नाराजगी जताई और इसे प्रशासनिक लापरवाही करार दिया।

वहीं, भाजपा नेतृत्व ने इन आरोपों को पूरी तरह खारिज करते हुए कहा कि उन्होंने भी नियमों के तहत पहले से ही प्रचार की अनुमति ली थी। उनका कहना है कि वाम मोर्चा अनावश्यक विवाद खड़ा कर राजनीतिक लाभ उठाने की कोशिश कर रहा है।

आखिरकार, स्थानीय प्रशासन के हस्तक्षेप के बाद स्थिति को नियंत्रण में लाया गया। हालांकि, दोनों पक्षों के उम्मीदवारों ने अंत में सौहार्द बनाए रखते हुए एक-दूसरे से हाथ मिलाया, लेकिन एक ही समय और स्थान पर दो दलों के कार्यक्रम को लेकर प्रशासनिक समन्वय पर कई सवाल खड़े हो गए हैं।


RELATED POST

Leave a reply
Click to reload image
Click on the image to reload
Advertisement









Advertisement