हिमाचल में 16 अप्रैल से फिर बदलेगा मौसम, 18–19 को अलर्ट जारी | The Voice TV

Quote :

“स्वयं जैसे हो वैसे ही रहो; बाकी सब तो पहले से ही कोई और बन चुके हैं।” ― ऑस्कर वाइल्ड

National

हिमाचल में 16 अप्रैल से फिर बदलेगा मौसम, 18–19 को अलर्ट जारी

Date : 13-Apr-2026

 शिमला, 13 अप्रैल। हिमाचल प्रदेश में अगले दो दिन मौसम साफ रहने के बाद 16 अप्रैल से फिर बदलाव देखने को मिलेगा। मौसम विभाग के अनुसार 15 अप्रैल तक प्रदेश में मौसम सामान्यतः शुष्क रहेगा, लेकिन इसके बाद एक ताजा व पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने से 16 से 19 अप्रैल के बीच कई क्षेत्रों में मौसम खराब रहने की संभावना है। इस दौरान उच्च पर्वतीय इलाकों में बर्फबारी होने के आसार हैं। खासकर 18 और 19 अप्रैल को कुछ स्थानों पर आंधी और आसमानी बिजली के साथ 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की आशंका जताई गई है। इसे लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है। ऊंचाई वाले क्षेत्रों में इस दौरान बर्फबारी की भी संभावना है।

सोमवार को पूरे प्रदेश में मौसम साफ बना हुआ है और राजधानी शिमला व पर्यटन नगरी मनाली में सुबह से गुनगुनी धूप खिली है। वहीं निचले व मैदानी इलाकों में तेज धूप के कारण लोगों को हल्की उमस महसूस हुई। पिछले दो दिन से राज्य के अधिक ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी का क्रम थमा हुआ है। मौसम विभाग का कहना है कि 15 अप्रैल तक मौसम के इसी तरह साफ बने रहने के आसार हैं, जबकि 16 अप्रैल से पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से बादल बढ़ेंगे और कई स्थानों पर हल्की वर्षा की गतिविधियां शुरू हो सकती हैं।

अप्रैल महीने में अब तक प्रदेश में सामान्य से करीब 140 प्रतिशत अधिक वर्षा दर्ज की जा चुकी है। बेमौसमी बारिश और ओलावृष्टि से किसानों की फसलों तथा फलदार पौधों विशेष रूप से सेब को नुकसान भी हुआ है। वहीं ऊंचाई वाले क्षेत्रों में हालिया बर्फबारी के कारण तापमान में गिरावट का असर बना हुआ है। सोमवार को प्रदेश का औसत न्यूनतम तापमान सामान्य से 2.4 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया।

प्रदेश के विभिन्न शहरों में सोमवार को दर्ज न्यूनतम तापमान पर नजर डालें, तो लाहौल स्पीति जिला के मुख्यालय केलांग में माइनस 0.8 डिग्री, ताबो 1.0, कुकुमसेरी 2.1, कल्पा 2.8, मनाली 5.7, कुफरी व सेओबाग 6.4, धर्मशाला 7.8, भुंतर 9.2, सोलन 9.5, शिमला 10.0, पालमपुर 10.5, चंबा 10.8, बरठीं 10.9, सुंदरनगर 11.8, नाहन 12.1, जुब्बड़हट्टी 12.2, कांगड़ा 12.4, मंडी 12.9, बिलासपुर 13.5, ऊना 13.8, देहरा गोपीपुर 17.0 और पांवटा साहिब 18.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।


RELATED POST

Leave a reply
Click to reload image
Click on the image to reload
Advertisement









Advertisement