मेदिनीपुर में स्टार प्रचारकों के आगमन से चुनावी समर को मिली रफ्तार | The Voice TV

Quote :

“स्वयं जैसे हो वैसे ही रहो; बाकी सब तो पहले से ही कोई और बन चुके हैं।” ― ऑस्कर वाइल्ड

National

मेदिनीपुर में स्टार प्रचारकों के आगमन से चुनावी समर को मिली रफ्तार

Date : 13-Apr-2026

 मेदिनीपुर, 13 अप्रैल। पश्चिम मेदिनीपुर जिले में रविवार को चुनावी गतिविधियां चरम पर रहीं। विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों में राजनीतिक दलों के बड़े नेताओं के साथ-साथ फिल्मी हस्तियों की मौजूदगी से पूरा इलाका चुनावी रंग में रंगा नजर आया।

कांथी और नंदकुमार क्षेत्र में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जनसभाओं को संबोधित करते हुए विपक्ष पर तीखे प्रहार किए। उन्होंने राज्य में कानून-व्यवस्था और विकास को लेकर सवाल उठाते हुए कहा कि “अराजकता फैलाने वालों पर सख्त कार्रवाई जरूरी है।”

इधर तृणमूल कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव अभिषेक बनर्जी ने मोयना और केशपुर में चुनावी सभाएं कर कार्यकर्ताओं में जोश भरा। उन्होंने कहा कि पार्टी हर क्षेत्र को अपने लोकसभा क्षेत्र की तरह मजबूत और सुरक्षित रखेगी तथा विकास कार्यों को और तेज किया जाएगा।

डेबरा, सबंग और एगरा क्षेत्र में टॉलीवुड की जानी-मानी हस्तियां कोयल मलिक और रचना बनर्जी भी प्रचार मैदान में उतरीं। दोनों अभिनेत्रियों के रोड शो और जनसभाओं में भारी भीड़ देखने को मिली। उन्होंने राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का उल्लेख करते हुए विकास के नाम पर वोट देने की अपील की।

इसी बीच, दांतन विधानसभा क्षेत्र के मोहनपुर में भाजपा उम्मीदवार अजीत जाना के समर्थन में भी बड़ा चुनावी कार्यक्रम आयोजित किया गया। यहां अभिनेता मिथुन चक्रवर्ती के रोड शो को लेकर भारी उत्साह देखा गया। ।

रविवार को सुबह से देर रात तक लगातार रोड शो और पार्टी के स्टार प्रचारकों की गहमागहमी बनी रही। देर रात तक प्रशासन द्वारा नाका चेकिंग के साथ वाहनों को रोककर विशेष जांच अभियान भी जारी रहा। पूरे मेदिनीपुर का राजनीतिक परिदृश्य स्टार प्रचार, जनसभाओं और रोड शो से सराबोर हो गया, जिससे चुनावी सरगर्मी अपने चरम पर पहुंच गई।


RELATED POST

Leave a reply
Click to reload image
Click on the image to reload
Advertisement









Advertisement