गर्मी के चलते बदला अदालतों का समय: सुबह 8 बजे से शुरू होगी सुनवाई | The Voice TV

Quote :

“स्वयं जैसे हो वैसे ही रहो; बाकी सब तो पहले से ही कोई और बन चुके हैं।” ― ऑस्कर वाइल्ड

National

गर्मी के चलते बदला अदालतों का समय: सुबह 8 बजे से शुरू होगी सुनवाई

Date : 13-Apr-2026

 जयपुर, 13 अप्रैल । प्रदेश में बढ़ती गर्मी को देखते हुए राजस्थान हाईकोर्ट सहित सभी न्यायालयों में सोमवार से ग्रीष्मकालीन समय सारिणी लागू कर दी गई है। यह नया समय 28 जून तक प्रभावी रहेगा।

हाईकोर्ट प्रशासन द्वारा जारी अधिसूचना के अनुसार अब जोधपुर मुख्यपीठ, जयपुर खंडपीठ और सभी अधीनस्थ न्यायालयों में कार्य सुबह जल्दी शुरू होगा। हाईकोर्ट में न्यायिक कार्य अब सुबह आठ बजे से दोपहर एक बजे तक होगा। इस दौरान न्यायाधीशों के लिए सुबह 10:30 से 11 बजे तक आधे घंटे का मध्यावकाश निर्धारित किया गया है। वहीं, रजिस्ट्री और अन्य कार्यालय सुबह 7:30 बजे से दोपहर एक बजे तक संचालित होंगे, जिसमें कर्मचारियों के लिए 10:30 से 10:45 बजे तक 15 मिनट का ब्रेक रहेगा।

जिला एवं सेशन न्यायालयों सहित सभी अधीनस्थ अदालतों में भी समय परिवर्तन लागू किया गया है। यहां अब सुनवाई सुबह आठ बजे से दोपहर 12:30 बजे तक होगी। इन अदालतों में सुबह 10 से 10:15 बजे तक 15 मिनट का मध्यावकाश रखा गया है। वहीं, कार्यालय समय सुबह 7:30 बजे से दोपहर एक बजे तक रहेगा। पीठासीन अधिकारियों को चेंबर वर्क के लिए भी अलग समय निर्धारित किया गया है। अधीनस्थ न्यायालयों के न्यायाधीश सुबह 7:30 से 8 बजे तक और दोपहर 12:30 से एक बजे तक चेंबर में बैठकर आदेश लेखन एवं प्रशासनिक कार्य करेंगे।

गौरतलब है कि हर वर्ष गर्मी के मौसम में न्यायालयों के समय में बदलाव किया जाता है, ताकि न्यायिक कार्य प्रभावित हुए बिना कर्मचारियों और वादकारियों को राहत मिल सके।


RELATED POST

Leave a reply
Click to reload image
Click on the image to reload
Advertisement









Advertisement